हरदोई जिले के कछौना थाना क्षेत्र में आने वाले समोधा गांव में शनिवार रात एक स्कॉर्पियो ने गांव में हड़कंप मचा दिया. यह कार पूर्व जिला पंचायत सदस्य की थी. जिसने वर्तमान जिला पंचायत सदस्य को टक्कर मार दी. इस घटना में घर के बाहर आम का ठेला लगाने वाले एक युवक की भी मौत हुई है. घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने युवक का शव 6 घंटे तक सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया. घटना की जानकारी लगते ही बड़ी संख्या में पुलिसबल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाया. कड़ी मशक्कत के बाद एएसपी ने मौके पर पहुंचकर एडिशनल कमिश्नर आबकारी के सहयोग से शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया. इस दौरान थानाध्यक्ष कछौना की लापरवाही पर उन्हें अधिकारियों ने फटकार भी लगाई.
हरदोई के समोधा गांव की घटना
बताया जा रहा है कि समोधा गांव में रहने वाली बीजेपी की जिला पंचायत सदस्य शांति वर्मा और उनके पति डॉ. सुमेर वर्मा के घर के पास की यह घटना है. उनके ही घर के पास अरुण वर्मा नाम का युवक आम का ठेला लगाए बैठा था. गांव के रहने वाले पूर्व जिला पंचायत सदस्य बसपा नेता परशुराम चौरसिया के घर से निकली तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कुचल दिया अरुण को कुचल दिया. इसके बाद गाड़ी सीधे भाजपा नेता के घर के मुख्य गेट से जा टकराई. घटना में अरुण वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घर के बाहर खड़े पूर्व जिला पंचायत सदस्य डॉ.सुमेर वर्मा घायल हो गए. उन्हें इलाज के लिए संडीला भेजा गया है. जहां इलाज जारी है.
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
गाड़ी को आशीष गौतम नाम का युवक चला रहा था. घटना के बाद अरुण वर्मा का शव परशुराम चौरसिया के घर के बाहर 6 घण्टे तक रखा रहा और हंगामा होता रहा. मृतक के भाई अनुज वर्मा और पिता रामखेलावन ने आरोप लगाया कि यह कोई साधारण सड़क हादसा नहीं बल्कि जानबूझकर गाड़ी चढ़ाकर की गई हत्या है. घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई, मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करना पड़ा.
मृतक पक्ष के परिजन और आबकारी विभाग में एडिशनल कमिश्नर गंगाराम जो मृतक परिवार के सदस्य हैं, वह आये और बातचीत कर निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया. इसके बाद परिजन शव उठाने के लिए तैयार हुए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए. जेसीबी की मदद से क्षतिग्रस्त स्कॉर्पियो को हटाया गया. फिलहाल चालक आशीष गौतम पुलिस हिरासत में है और पूरे मामले की जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पीड़ित पक्ष की तरफ से जो आरोप लगाए गए हैं. उसी के आधार पर जांच की जा रही है.
ये भी पढे़ंः लखनऊ में त़ड़के पुलिस एनकाउंटर, PGI के संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य शूटर ढेर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं