Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में बारिश के दौरान सड़क निर्माण का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. मामला साइट-4 के एच ब्लॉक स्थित रामलीला ग्राउंड के पीछे की सड़क का बताया जा रहा है. वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि सड़क पर बारिश का पानी जमा है, लेकिन इसके बावजूद निर्माण कार्य जारी है. सड़क पर रोड रोलर और ट्रक की मदद से काम किया जा रहा था. वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने निर्माण की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल उठाने शुरू कर दिए.
लोगों ने उठाए गुणवत्ता पर सवाल
स्थानीय लोगों का कहना है कि भारी बारिश और जलभराव के बीच सड़क निर्माण करना तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं माना जाता. ऐसे मौसम में सड़क बनाने से उसकी मजबूती और टिकाऊपन प्रभावित हो सकता है. इसी आशंका को देखते हुए लोगों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर साझा कर दिया. देखते ही देखते यह वीडियो वायरल हो गया और लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया. इसके बाद संबंधित अधिकारियों तक भी शिकायत पहुंचाई गई.
एसोसिएशन ने अधिकारियों से की तत्काल बात
ग्रेटर नोएडा इंडस्ट्रियल वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि शर्मा ने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र की कई अंदरूनी सड़कें लंबे समय से खराब हालत में थीं. इन्हीं सड़कों के सुधार और पुनर्निर्माण का काम यूपीसीडा की ओर से कराया जा रहा है. उन्होंने कहा कि ठेकेदार ने बारिश के दौरान ही सड़क निर्माण शुरू कर दिया था, जो तकनीकी रूप से उचित नहीं माना जा सकता. स्थानीय लोगों की शिकायत मिलने के बाद उन्होंने तुरंत यूपीसीडा के अधिकारियों से संपर्क किया.
मौसम साफ होने के बाद दोबारा शुरू होगा काम
रवि शर्मा के अनुसार अधिकारियों ने मामले का संज्ञान लेते हुए निर्माण कार्य को तत्काल प्रभाव से रुकवा दिया है. अब बारिश बंद होने और मौसम पूरी तरह साफ होने के बाद ही सड़क निर्माण का काम दोबारा शुरू किया जाएगा. इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत जताई है.
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में कल लगा था 8 किलोमीटर लंबा जाम, आज कैसे हैं हालात?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं