विज्ञापन

वो मारता रहा चाकू, लोग बनाते रहे वीडियो... बंगाल में सड़क के बीचोबीच शख्स ने महिला की कर दी हत्या

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में एक महिला की उसके पति ने कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी. वारदात के बाद आरोपी ने खुद पर भी हमला कर आत्महत्या की कोशिश की. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

वो मारता रहा चाकू, लोग बनाते रहे वीडियो... बंगाल में सड़क के बीचोबीच शख्स ने महिला की कर दी हत्या
बीच सड़क पत्नी पर चाकू से ताबड़तोड़ वार, मौत के बाद पति ने खुद को भी घोंपा; पश्चिम बंगाल की सनसनीखेज वारदात

पश्चिम बंगाल के उत्तर 24 परगना जिले में बुधवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां एक महिला की कथित तौर पर उसके पति ने चाकू मारकर हत्या कर दी. हैरान करने वाली बात ये है कि जब आरोपी महिला पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर रहा था घटनास्थल के आसपास मौजूद लोग महिला को बचाने की जगह वीडियो बना रहे थे. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी ने महिला पर कई बार चाकू से हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर गई. वारदात के बाद आरोपी ने उसी चाकू से खुद पर भी हमला कर आत्महत्या की कोशिश की. पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

सोदेपुर में दिनदहाड़े वारदात

मृतका की पहचान गीता दास के रूप में हुई है, जबकि आरोपी पति का नाम सुभाष दास बताया गया है. दोनों उत्तर 24 परगना जिले के नजाट क्षेत्र के निवासी थे. स्थानीय लोगों के अनुसार दोनों ने कुछ वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था, लेकिन गीता के परिवार ने इस रिश्ते को पूरी तरह स्वीकार नहीं किया था. इसके बाद दंपती सोदेपुर के स्कूल रोड इलाके में किराए के मकान में रह रहे थे.

सार्वजनिक स्थान पर चाकू से हमला

पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह सुभाष दास ने कथित तौर पर गीता दास पर सार्वजनिक स्थान पर चाकू से हमला कर दिया. मौके पर मौजूद लोगों ने उसे रोकने और चाकू छीनने की कोशिश की, लेकिन सफलता नहीं मिली. हमले में गीता गंभीर रूप से घायल हो गईं और सड़क पर गिर पड़ीं. घटना के दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

हमले के बाद खुद को भी मारा चाकू

पुलिस के अनुसार पत्नी पर हमला करने के बाद सुभाष ने उसी चाकू से अपने पेट में वार कर आत्महत्या का प्रयास किया. घटना की सूचना मिलते ही दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया.

अस्पताल में महिला को मृत घोषित किया गया

गीता दास और सुभाष दास को सागर दत्ता मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने गीता को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुभाष का इलाज जारी है. उसकी हालत पर चिकित्सकों की निगरानी बनी हुई है.

घरेलू प्रताड़ना के आरोप भी आए सामने

स्थानीय निवासियों का दावा है कि सुभाष दास अक्सर गीता के साथ मारपीट और घरेलू प्रताड़ना करता था. लोगों के अनुसार गीता इस कथित उत्पीड़न का विरोध करती थीं और रिश्ते को खत्म करना चाहती थीं. हालांकि सुभाष इसके लिए तैयार नहीं था. प्रारंभिक जांच में पुलिस इस पहलू को भी ध्यान में रख रही है.

पुलिस जांच में जुटी

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की परिस्थितियों, वैवाहिक विवाद और अन्य संभावित कारणों की विस्तार से जांच की जा रही है. आरोपी के इलाज पूरा होने के बाद उससे भी पूछताछ की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच आगे बढ़ा रही है.

यह भी पढ़ें : अचानक आपा खो बैठीं ममता बनर्जी; TMC कार्यकर्ता को मारा थप्पड़! वायरल वीडियो से गरमाई बंगाल की राजनीति

यह भी पढ़ें : असम में नहीं थम रहा मानव-हाथी संघर्ष: 10 साल में 1147 लोगों और 246 हाथियों की मौत, विधानसभा में खुलासा

यह भी पढ़ें : अनिल अंबानी ग्रुप पर ED का शिकंजा और कसा, हजारों करोड़ के फंड डायवर्जन मामले में नई छापेमारी

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
West Bengal Crime, Wife Murder, Husband Stabs Wife, Domestic Violence Case, Woman Stabbed
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com