विज्ञापन
This Article is From Aug 29, 2025

दहेज, अफेयर और रील्स... बहू कैसे चढ़ी हिंसा की भेंट, निक्की भाटी की मौत की पूरी इनसाइड स्टोरी

निक्की की मौत की गुत्थी सुलझने (Nikki Bhati Death Mystry) का नाम नहीं ले रही है. पड़ोसियों ने ये दावा किया कि रील्स और पार्लर को लेकर विपिन और निक्की में विवाद होता था. लेकिन उन्होंने इस बात को खारिज कर दिया कि विपिन ने निक्की की हत्या की है. 

दहेज, अफेयर और रील्स... बहू कैसे चढ़ी हिंसा की भेंट, निक्की भाटी की मौत की पूरी इनसाइड स्टोरी
निक्की भाटी हत्याकांड की मिस्ट्री.
  • निक्की भाटी की मौत ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में दहेज विवाद और पारिवारिक तनाव के बीच आग लगने से हुई थी.
  • निक्की के पिता ने अपनी बेटियों की शादी में दहेज दिया था लेकिन ससुराल वाले लगातार पैसों की मांग करते थे.
  • निक्की का पति विपिन भाटी उसकी ब्यूटी पार्लर और सोशल मीडिया रील्स बनाने का विरोध करता था.
सिरसा:

दहेज की मांग, पारिवारिक तनाव, सोशल मीडिया रील्स पर विवाद और एक कथित अफेयर के ईर्द-गिर्द उलझकर निक्की भाटी की मौत का सस्पेंस (Nikki Bhati Death Mystry) रोज ब रोज गहराताजा रहा है. 21 अगस्त को ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में सतवीर भाटी की बहू निक्की भाटी की उनके ससुराल में जलने से मौत हो गई थी. जिसके बाद आग की लपटों में घिरी निक्की का दिल दहला देने वाल विडीयो सोशल मिडिया पर वायरल हुआ था. तभी से यह मामला सुर्खियों में बना हुआ है. आखिर क्या है निक्की भाटी केस की पूरी इनसाइड स्टोरी शुरु से जानिए.

ये भी पढ़ें- इंजीनियरिंग कर बनी सॉफ्टवेयर इंजीनियर, फिर दहेज देकर हुई शादी मगर देनी पड़ी जान... जानिए शिल्पा की कहानी

निक्की के पिता ने दिया खूब दहेज, फिर भी बढ़ी डिमांड

ग्रेटर नोएडा के रूपवास गांव की रहने वाली दो सगी बहनें निक्की और कंचन की शादी 2016 में ग्रेटर नोएडा के सिरसा गांव में सतवीर भाटी के परिवार में हुई, निक्की की शादी सतवीर भाटी के बेटे विपिन भाटी से और कंचन की शादी विपिन के भाई रोहित से हुई थी. निक्की के पिता भिखारी सिंह का कहना है कि है कि अपनी बेटियों की शादी में उन्होनें दिल खोलकर दान-दहेज  दिया, जिसमें स्कॉर्पियो कार, बुलेट मोटरसाइकिल, नकदी, सोना वगैरह भी शामिल है. लेकिन इतना कुछ देने के बाद भी निक्की के ससुराल वाले लगातार उनसे पैसों की डिमांड किया करते थे. क्यों कि विपिन भाटी के परिवार के पास एक साधारण दुकान के अलावा कमाई का कोई और जरिया नही था. इसलिए निक्की और कंचन को पैसों की तंगी झेलनी पड़ती थी. 

लिहाजा उन्होनें अपनी बेटी को डेढ़ लाख रुपये की मदद की, जिससे उनकी दोनो बेटियों ने करीब 3 साल पहले सिरसा में घर पर ही एक ब्यूटी पार्लर खोल लिया, नाम था  "मेकओवर बाय कंचन". इसके साथ ही दोनों बहनें इंस्टाग्राम और यूट्यूब के लिए ब्यूटी टिप्स वाले रील्स भी बनाने लगीं. किस्मत ने उनका साथ दिया और ना सिर्फ उनका ब्यूटी पार्लर चल निकला बल्कि  सोशल मिडिया पर उनकी रील्स को खूब पसंद भी किया जाने लगा, लेकिन समस्या तब खड़ी होने लगी जब निक्की का पति विपिन इसका विरोध करने लगा. 

निक्की के पति को न पार्लर पसंद था, न ही रील्स बनाना

विपिन को ना तो अपनी पत्नी निक्की का ब्यूटी पार्लर चलाना पसंद था और ना ही सोशल मीडिया पर रील्स बनाना, इसी बात को लेकर निक्की और विपिन में आए दिन झगड़े होने लगे. और यहीं से दोनों के रिश्तो में दरार दरार पड़नी शुरु हुई. अब निक्की के परिजन उसके ससुराल वालों पर 36 लाख रुपये नकद और मर्सिडीज कार की डिमांड का आरोप भी लगा रहे हैं. उनका कहना है कि इसके लिए उनकी बेटियों को ताने भी दिए जाते थे और कई बार मार-पीट भी की जाती थी. इसलिए परेशान होकर वो निक्की को वापस अपने घर बुला लाए थे, लेकिन समाज के दबाव में उनको अपनी बेटी को फिर से उसके ससुराल भेजना पड़ा था. 

निक्की के परिजनों के मुताबिक विपिन, उसकी सास दयावती, और ससुर सतवीर उनकी बेटी को तंग किया करते थे. पर निक्की इस तनाव को चुपचाप सहती रहती थी, लेकिन ये तनाव सिर्फ दहेज की डिमांड तक ही सीमित नहीं रहा, और साल 2024 में इस मामले में एक और तूफान तब आया जब निक्की को पता चला कि उसके पति विपिन का किसी और लड़की के साथ अफेयर चल है।. बताया जा रहा है कि निक्की ने विपिन को जारचा गांव में उस लड़की के साथ रंगे हाथों पकड़ा भी था. मीडिया रिपोर्टेस में ये भी जानकारी सामने आ रही है कि बाद में उसी लड़की ने विपिन पर मारपीट और शोषण का केस भी दर्ज कराया था. इसको लेकर निक्की के मायका पक्ष का कहना है कि इस घटना ने निक्की और विपिन के रिश्ते को और बिगाड़ दिया. लिहाजा घर में झगड़े और मारपीट रोजमर्रा की कहानी हो गई, और इसका अंत 21 अगस्त 2025 की उस दुखद घटना से हुआ जिसने सबको हिलाकर रख दिया है.

दहेज की आग में जल गई बेबस निक्की

इस घटना की चश्मदीद खुद निक्की की बहन कंचन भी रही, कंचन भी उसी घर में रहती थी, उसने देखा कि निक्की आग की लपटों में घिरी हुई है. कंचन ने तुरंत वीडियो बनाना शुरू किया. इस वीडियो में निक्की जल रही है और कंचन चिल्ला रही है. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. आनन- फानन में निक्की को फोर्टिस अस्पताल ले जाया गया, फिर दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया. और फिर शुरु हुआ दोनो परिवारों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर. 

निक्की के पिता भिखारी सिंह और बहन कंचन का आरोप है कि विपिन भाटी, उसकी मां दयावती, पिता सतवीर, और भाई रोहित ने मिलकर निक्की को दहेज के लिए जला दिया. निक्की के चार-पांच साल के बेटे का बयान भी कंचन के आरोपों को और मजबूत करता है. निक्की के परिवार का ये भी आरोप है कि कि ससुराल वालों ने मिलकर निक्की को पहले पीटा, फिर गले पर हमला किया, और अंत में ज्वलनशील पदार्थ डालकर जला दिया. जबकि निक्की का पति विपिन हत्या के आरोपों से इनकार करते हुए कह रहा है कि निक्की ने खुद को आग लगाई.

ससुरालवालों पर आग लगाकर भागने का आरोप

कंचन ने यह भी दावा किया कि उसने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन ससुराल वाले भाग गए. इस पर विपिन के चचेरे भाई देवेंद्र ने कहा कि ससुराल वाले भागे नही थे. वे निक्की को अस्पताल ले गए थे. कंचन के इस दावे को विपिन के परिवार ने सिरे से खारिज कर दिया, क्योंकि निक्की के अंतिम संस्कार के वीडियो में निक्की के ससुर सतवीर भी मौजूद हैं.

लेकिन इस आरोप- प्रत्यारोप के बीच ही निक्की की भाभी मीनाक्षी ने चौंकाने वाला दावा किया है, मीनाक्षी का कहना है कि उन्हें नहीं लगता कि विपिन ने निक्की की हत्या की है. मीनाक्षी ने यह भी आरोप लगाया कि निक्की और कंचन उसे तंग करती थीं. वह खुद अपने ससुराल में दहेज और मारपीट की शिकार रही हैं, निक्की और कंचन की हरकतों ने परिवार में तनाव बढ़ाया.

निक्की के पड़ोसी तो कुछ और ही कह रहे

दूसरी तरफ विपिन के पड़ोसियों ने ये दावा किया कि रील्स और पार्लर को लेकर विपिन और निक्की में विवाद होता था. पड़ोसी इस बात को खारिज करते हैं कि विपिन ने निक्की की हत्या की है. 

फिलहाल निक्की भाटी केस में दोनों पक्ष एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं. निक्की का परिवार इसे दहेज के लिए सुनियोजित हत्या मानता है, जिसमें विपिन का अफेयर और पारिवारिक हिंसा शामिल है. दूसरी ओर, विपिन का परिवार इसे आत्मदाह बताकर कंचन की भूमिका और निक्की की सोशल मीडिया गतिविधियों को जिम्मेदार ठहरा रहा है. पुलिस सीसीटीवी, फॉरेंसिक सबूत, और गवाहों के बयानों के आधार पर जांच कर रही है, लेकिन सच अभी तक साफ नहीं हुआ है.

लेखक के बारे में
img
श्वेता गुप्ता
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Greater Noida Murder Case, Nikki Bhati Case Viral Video, Nikki Bhati Dowry Murder Case, Kanchan Bhati, Nikki Bhati Insta Reels
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com