- गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों ने आत्महत्या की, जो कोरियन संस्कृति से प्रभावित थीं और परिवार से नाराज थीं
- तीनों लड़कियां अपने पिता के बेहद करीब थीं लेकिन सुसाइड नोट में मां का कोई जिक्र नहीं था
- पिता ने कर्ज के कारण बेटियों के मोबाइल फोन छीनकर बेच दिए थे, जिससे लड़कियां मानसिक तनाव में थीं
यूपी के गाजियाबाद में तीन नाबालिग बहनों की खुदकुशी ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है. तीनों बहनें कोरियन कल्चर से प्रभावित थीं और परिवार से नाराज थीं. अब इस मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, परिवार के उलझे हुए रिश्तों की परतें खुल रही हैं. पुलिस ने बताया है कि तीनों बेटियां पिता के बेहद करीब थीं और कोरियन कल्चर के साथ पिता चेतन गुर्जर से भी प्यार करती थीं.
सुसाइड नोट में मां का जिक्र तक नहीं
पुलिस के अनुसार, घर में तीन माताओं के होने के बावजूद, तीनों लड़कियां अपने पिता के सबसे करीब थीं. उनके बीच का यह जुड़ाव उनके सुसाइड नोट में भी साफ दिखा. नोट में लड़कियों ने सिर्फ अपने पिता को संबोधित किया है और कहीं भी अपनी मां के नाम का जिक्र तक नहीं किया है.

मोबाइल छिना तो टूट गईं थीं बेटियां
जांच में यह बात सामने आई है कि तीनों बहनें कोरियन एंटरटेनमेंट और ऑनलाइन गेम्स की दीवानी थीं. उनके पिता चेतन कुमार पेशे से स्टॉक ब्रोकर हैं. वह भी भारी कर्ज में डूबे हुए थे. बताया जा रहा है कि लगभग दो करोड़ रुपये के कर्ज के बोझ तले दबे चेतन ने घर का बिजली बिल भरने के लिए अपनी बेटियों के मोबाइल फोन छीनकर बेच दिए थे. पिता का तर्क था कि लड़कियां दिन भर कोरियन कंटेंट देखने में डूबी रहती हैं, जिससे उनकी पढ़ाई और व्यवहार पर बुरा असर पड़ रहा था.

उस आखिरी रात क्या हुआ?
पुलिस और फोरेंसिक टीम के अनुसार, जिस रात यह खौफनाक कदम उठाया गया, उस वक्त लड़कियों ने अपनी मां का मोबाइल फोन हासिल कर लिया था. वे अपने उन कोरियाई दोस्तों से बात करना चाहती थीं जिनसे वे ऑनलाइन गेम्स के जरिए जुड़ी थीं. हालांकि, मां के फोन में वे उन 'कोरियन ऐप्स' और गेमिंग प्लेटफॉर्म्स को एक्सेस नहीं कर पाईं. डिजिटल दुनिया से पूरी तरह कट जाने और अपने विदेशी दोस्तों से संपर्क न कर पाने की वजह से वे गहरे मानसिक तनाव में चली गईं.
तीन सगी बहनों से शादी और बेटियों का प्यार
जांच के दौरान पुलिस को इस परिवार के बारे में एक और हैरान करने वाली जानकारी मिली. आरोपी पिता चेतन कुमार की तीन पत्नियां हैं और सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि ये तीनों पत्नियां सुजाता, हीना और टीना आपस में सगी बहनें हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं