उत्तर प्रदेश का गाजियाबाद डबल मर्डर से दहल गया है. मामला गाजियाबाद के थाना क्रोसिंग रिपब्लिक क्षेत्र का है. हैरान करने वाली बात ये है कि दो सगे भाइयों ने मिलकर अपने ही माता-पिता की हत्या कर दी. दीपक और ललित ने अपनी मां विमलेश और पिता गंगाशरण को मौत के घाट उतार दिया. दोनों लड़के भीम नगर में अपने माता-पिता के साथ रहते थे. किसी बात को लेकर उनके बीच झगड़ा हो गया था. बस फिर क्या था दोनों भाइयों ने रिश्तों का भी लिहाज नहीं किया और बुजुर्ग माता-पिता को गंभीर रूप से घायल कर दिया.
बेटों ने की बुजुर्ग माता-पिता की हत्या
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल पति-पत्नी को अस्पताल भिजवाया. इलाज के दौरान डॉक्टर्स ने उनको रान मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने दोनों भाइयों दीपक और ललित को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार के बीच अक्सर लड़ाई झगड़े होते रहते थे. लड़कों के पिता गंगाशरण अखबार की एजेंसी चलाते थे. लेकिन दोनों बेटे बेरोजगार थे. दोनों बेटों की शादी हो चुकी थी और बच्चे भी थे. उनकी बेरोजगारी के चलते पत्नी और बच्चे साथ नहीं रहते थे. पिता बेटों को नौकरी करने के लिए कहते थे, इसी वजह से उनके बीच अक्सर विवाद होता था.
रात को घर से आ रही थीं चीखने की आवाजें
इस घटना के बाद स्थानीय लोग डरे हुए हैं. पुलिस पड़ोसियों से पूछताछ कर रही है ताकि वारदात से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा सकें.आसपास के लोगों का कहना है कि देर रात घर से झगड़े और चीख पुकार की आवाजें सुनाई दे रही थीं. एक किरायेदार ने पुलिस को फोन कर घटना की सूचना दी थी.
दोनों बेटों से चल रही पुलिस पूछताछ
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्रनाथ तिवारी ने कहा कि दोनों बेटों से अलग अलग पूछताछ की जा रही है. अभी तक हत्या की असली वजह सामने नहीं आई है. ये पता चला है कि घर के सदस्य किसी बात को लेकर आपस में लड़ रहे थे.प्रारंभिक जांच में घरेलू कलह और संपत्ति विवाद की बात सामने आई है.
ये भी पढ़ें-गुरुग्राम की सोसायटी में दर्दनाक हादसा, लड़के के सिर पर गिरा बास्केटबॉल पोल, खौफनाक वीडियो
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं