- रक्षाबंधन को देखते हुए खाद्य सुरक्षा प्रशासन ने मिलावटी खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए अभियान चलाया है.
- अब तक 40 खाद्य नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए और संदेहास्पद खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई है.
- हाथरस, अलीगढ़ और गाजियाबाद से आ रहे पनीर और टोफू के नमूने लिए गए और खराब सामग्री नष्ट की गई है.
रक्षाबंधन को देखते हुए गौतमबुद्ध नगर में मिलावटी और खराब खाद्य पदार्थों की बिक्री रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है. 22 अगस्त से शुरू हुए इस अभियान के दौरान अब तक 40 खाद्य नमूने जांच के लिए लैब भेजे जा चुके हैं. विभाग की जांच में संदेहास्पद और खराब गुणवत्ता के 910 किलो पनीर, 160 किलो मिठाई और 125 किलो अन्य खाद्य सामग्री नष्ट कराई गई है. इसके अलावा 100 किलो बूंदी भी सीज की गई है.
सहायक आयुक्त खाद्य सर्वेश मिश्रा ने बताया कि 25 अगस्त की रात जेवर टोल प्लाजा पर जांच के दौरान हाथरस की एक डेयरी से आ रहे पनीर का नमूना लिया गया. वहीं रबूपुरा-जेवर क्षेत्र में एक वाहन से टोफू का नमूना लेकर करीब 125 किलो सामग्री नष्ट कराई गई.
26 अगस्त को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने अलीगढ़ से आ रहे पनीर के वाहन की जांच कर नमूना लिया. दनकौर में एक डेयरी के लिए लाई जा रही करीब 60 किलो खाद्य सामग्री का भी नमूना लिया गया और बाकी सामग्री नष्ट कर दी गई. भंगेल स्थित एक मिठाई की दुकान से पनीर और सेक्टर-85 स्थित एक स्वीट शॉप से गुलाब जामुन का नमूना लिया गया. खराब स्थिति में रखे गए करीब 60 किलो गुलाब जामुन मौके पर ही नष्ट करा दिए गए.
विभाग के अनुसार 25 और 26 अगस्त को कुल 7 नमूने लिए गए हैं, जिन्हें जांच के लिए लैब भेजा गया है. रिपोर्ट आने के बाद संबंधित कारोबारियों पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों का कहना है कि रक्षाबंधन तक यह अभियान जारी रहेगा, ताकि लोगों को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य पदार्थ मिल सकें.
इधर, उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा खाद्य पदार्थों को लेकर बड़ी कार्रवाई की जा रही है. नकली पनीर मावा और अन्य पदार्थों को लेकर खाद्य विभाग द्वारा जगह जगह पर छापेमारी की जा रही है. इसी क्रम में गाजियाबाद में शान्तिनगर इलाके में आज खाद्य विभाग की टीम ने छापा मारा जहां पर बड़ी मात्रा में सोयाबीन भी पाया गया, जिससे टोफू पनीर बनाया जाता है.
ये भी पढ़ें : कल का मौसम: दिल्ली, यूपी, बिहार में भारी बारिश, MP-झारखंड समेत 25 राज्यों में अलर्ट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं