- फिरोजाबाद के थाना दक्षिण क्षेत्र में होली के दौरान कुछ युवकों ने सड़कों पर हुड़दंग मचाया था
- पुलिस ने स्थानीय शिकायत के बाद युवकों को पकड़कर थाने में हिरासत में लिया था
- थाने में युवकों को अनुशासन सिखाने के लिए जमीन पर बैठाकर मुर्गा बनाकर सजा दी गई
यूपी के फिरोजाबाद में होली के पावन पर्व पर हुड़दंग करना कुछ युवकों को भारी पड़ गया. शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए फिरोजाबाद पुलिस ने सख्त रुख अपनाते हुए हंगामा कर रहे युवकों को न सिर्फ हिरासत में लिया, बल्कि थाने के अंदर ही उन्हें 'मुर्गा' बनाकर अनोखी सजा दी. अब इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
होली पर किया हुड़दंग तो ‘मुर्गा' बनाकर घुमाया
— NDTV India (@ndtvindia) March 6, 2026
फिरोजाबाद में होली के त्योहार पर हुड़दंग करने वालों पर पुलिस ने एक्शन लिया. थाने में ‘मुर्गा' बनाकर घुमाया, वीडियो वायरल#Firozabad | #viralvideos pic.twitter.com/2pljiS0TD2
सड़क पर हंगामा कर रहे थे युवक
मिली जानकारी के अनुसार, यह मामला फिरोजाबाद के थाना दक्षिण क्षेत्र का है. होली के दौरान कुछ युवक सड़कों पर तेज आवाज में शोर मचाते हुए हुड़दंग कर रहे थे और आने-जाने वाले राहगीरों को परेशान कर रहे थे. स्थानीय लोगों की शिकायत और माहौल बिगड़ने की आशंका को देखते हुए थाना दक्षिण पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हुड़दंगियों को पकड़कर थाने ले आई.
थाने में मिली 'मुर्गा' बनने की सजा
थाने लाने के बाद पुलिस ने हुड़दंगियों को कड़ा सबक सिखाने के लिए उन्हें जमीन पर बैठाकर 'मुर्गा' बनाया. पुलिस अधिकारियों ने युवकों को सख्त चेतावनी दी कि भविष्य में त्योहारों के दौरान इस तरह की अनुशासनहीनता और सार्वजनिक परेशानी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. इस दौरान किसी ने थाने के भीतर मुर्गा बने युवकों का वीडियो रिकॉर्ड कर लिया, जो अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वीडियो वायरल होने के बाद जनता की राय बंटी हुई नजर आ रही है. अधिकांश लोग पुलिस की इस कार्रवाई की तारीफ कर रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं