- उत्तर प्रदेश के बरेली में डीजे की तेज आवाज जानलेवा साबित हो गई.
- एक महिला जब तेज आवाज में बज रहे डीजे के पास से गुजरी तो उनके सीने में दर्द हुआ.
- परिजनों का आरोप है कि तेज आवाज से महिला को परेशानी थी, जिससे उनकी मौत हुई.
यूपी के बरेली जिले में डीजे की तेज आवाज एक महिला की मौत का कारण बन गई. गुलड़िया गांव में कमला देवी अपनी बहू के साथ गौरी शंकर मंदिर में जलाभिषेक के लिए जा रही थीं. इसी दौरान मंदिर के रास्ते में एक जगह तेज डीजे बज रहा था. महिला जब यहां से गुजरी तो डीजे की आवाज और बेस इतना तेज था कि वह उसे बर्दाश्त नहीं कर सकीं और उनके सीने में अचानक तेज दर्ज उठा, थोड़ी देर वह नीचे बेठी और फिर मौके पर ही दम तोड़ दिया. इस घटना के बाद सब हैरान रह गए.
अलीगंज के महोलिया गांव की घटना
घटना अलीगंज के महोलिया गांव की है. मृतक महिला का नाम कमला देवी था, जिनकी उम्र 60 साल थी. जिस वक्त यह घटना हुई उस वक्त उनके साथ केवल उनकी बहू नानू थी. उन्होंने बताया कि जैसे ही कमला देवी डीजे के करीब पहुंचीं उसकी तेज धमक के कारण उनके सीने में अचानक असहनीय दर्द शुरू हो गया. वह घबराकर वहीं जमीन पर बैठ गईं. इससे पहले कि बहू और आसपास के लोग उन्हें संभाल पाते या अस्पताल ले जा पाते, उसके पहले ही कमला देवी ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. महिला की मौत की खबर फैलते ही आसपास बड़ी संख्या लोग जुट गए.
ये भी पढ़ेंः सावधान! यूपी में YouTube 'सीक्रेट हाउस' चैलेंज देखकर घर से गायब हुए दो बच्चे; पुलिस ने 2 घंटे में खोज निकाला
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची. जहां कमला देवी के परिजनों ने पूछताछ में बताया उन्हें पहले से उच्च रक्तचाप की समस्या थी और तेज आवाज से उन्हें परेशानी होती थी. यही वजह है कि वह डीजे की तेज आवाज सहन नहीं कर पाई और उनकी मौत हो गई.
परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से किया इनकार
स्थानीय पुलिस अधिकारी हेमंत उपाध्याय ने बताया कि परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया और उसे घर ले गए. मंगलवार को ही महिला का अंतिम संस्कार भी कर दिया गया. ऐसे में महिला की मौत की स्पष्ट वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही सकती थी.
ये भी पढ़ेंः
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं