विज्ञापन

गाजीपुर में छठ घाट पर गंगा ने दिखाया रौद्र रूप, बुलबुलों ने बचा ली सैकड़ों श्रद्धालुओं की जान

छठ महापर्व पर बच्छलपुरा गंगा घाट पर पूजा के दौरान अचानक नदी में कटान शुरू हो गया, जिससे श्रद्धालु घबरा गए और सुरक्षित स्थान पर चले गए.

छठ पूजा के दौरान मोहम्मदाबाद के बच्छलपुरा घाट पर गंगा कटान से दहशत
  • मोहम्मदाबाद तहसील के बच्छलपुरा गंगा घाट पर छठ महापर्व के दौरान गंगा नदी में अचानक कटान शुरू हो गया था
  • घाट पर पूजा कर रहे श्रद्धालुओं ने बुलबुले और हलचल देख सतर्क होकर तुरंत घाट से पीछे हटना शुरू किया था
  • समय रहते सतर्कता के कारण गंगा के कटान में कोई जनहानि नहीं हुई, वरना स्थिति गंभीर हो सकती थी
गाजीपुर:

छठ महापर्व की संध्या पर डूबते सूरज को अर्घ्य देने के लिए घाट पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी थी. महिलाएं पीले-लाल साड़ियों में, हाथ में सूप, ठेकुआ और फल लिए गंगा मैया की आराधना में लीन थीं. मोहम्मदाबाद तहसील का बच्छलपुरा गंगा घाट भक्ति और आस्था के रंग में डूबा हुआ था. लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि अगले ही पल आस्था का ये घाट अफरा-तफरी का मंजर बन जाएगा. अचानक गंगा के पानी में अजीब सी हलचल हुई. पानी में बुलबुले उठने लगे, जैसे नदी के भीतर कुछ उबल रहा हो. ग्रामीणों की नजरें तुरंत उस हलचल पर टिक गईं. उन्हें समझते देर नहीं लगी कि ये कोई सामान्य लहर नहीं है, ये खतरे की घंटी है. 

खतरे को भांप घाट से पीछे भाग श्रद्धालु

एक ग्रामीण ने जोर से आवाज लगाई और बस फिर क्या था, व्रती महिलाएं, बच्चे, बुजुर्ग, सभी घाट से पीछे हटने लगे. पूजा की थालियां वहीं छूट गईं, लेकिन जान बचाना सबसे जरूरी था. और हुआ भी वही, जिसका अंदेशा था. लोगों के हटते ही देखते ही देखते गंगा की धारा ने घाट के किनारे को काटना शुरू कर दिया. मिट्टी धसकने लगी, घाट का एक हिस्सा धड़ाम से पानी में समा गया. अगर लोग कुछ सेकंड भी देर करते, तो तस्वीर कुछ और ही होती. समय रहते दिखाई गई सतर्कता ने सैकड़ों लोगों की जान बचा ली.

अगर कुछ सेकंड की देरी होती...

इस घटना के बाद घाट पर सन्नाटा छा गया. जहां कुछ देर पहले छठी मैया के गीत गूंज रहे थे, वहां अब चिंता और डर की खामोशी थी. श्रद्धालुओं का कहना था कि गंगा मैया ने ही बुलबुलों के रूप में संकेत देकर सबको बचा लिया. लेकिन सवाल उठ रहा है कि हर साल छठ और अन्य पर्वों पर लाखों लोग गंगा घाटों पर जाते हैं, लेकिन कटान जैसे खतरे से निपटने के लिए क्या इंतजाम हैं? बच्छलपुरा जैसे घाटों पर न तो कटान रोकने के लिए स्थाई व्यवस्था है और न ही खतरे की पूर्व चेतावनी का कोई सिस्टम.

ये भी पढ़ें:- छठ से पहले यमुना में मरी मछलियों के पीछे का सच क्या? बीजेपी-AAP के आरोप-प्रत्यारोप के बीच उलझा असली कारण

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि घाटों की नियमित जांच हो, कटान वाले क्षेत्रों की पहचान कर बैरिकेडिंग की जाए और पूजा के दौरान गोताखोर और सुरक्षा कर्मी तैनात किए जाएं. लोगों का कहना है, आस्था अपनी जगह है, लेकिन सुरक्षा के बिना आस्था अधूरी है. फिलहाल राहत की बात यही है कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई. 

ये भी पढ़ें:- बिहार में छठ का प्रसाद जूठा करने पर मां ने 4 साल की बेटी को पीट-पीटकर मार डाला

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Chhath Puja, Ganga
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com