उत्तर प्रदेश: लखनऊ के पारा थाना क्षेत्र में स्थित प्राचीन बुद्धेश्वर मंदिर से घंटा चोरी के मामले ने नया मोड़ ले लिया है. पिछले कई दिनों से मंदिर परिसर से घंटों के गायब होने की शिकायतें सामने आ रही थीं. इस बीच बुधवार शाम स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने एक युवक को कथित रूप से मंदिर का घंटा ले जाते हुए पकड़ लिया. लोगों का दावा है कि युवक के पास से चोरी किया गया घंटा भी बरामद हुआ है. इसके बाद उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया. मामले को लेकर इलाके में चर्चा का माहौल है और मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं.
कई दिनों से मिल रही थीं घंटा चोरी की शिकायतें
जानकारी के अनुसार बुद्धेश्वर मंदिर से लगातार घंटों के गायब होने की घटनाएं सामने आ रही थीं. मंदिर आने वाले श्रद्धालु और आसपास के दुकानदार इस बात को लेकर चिंतित थे. हालांकि अब तक यह साफ नहीं हो पा रहा था कि चोरी की घटनाओं के पीछे कौन है. बुधवार को लोगों की सतर्कता के चलते एक युवक को संदिग्ध परिस्थितियों में घंटा ले जाते हुए देखा गया. इसके बाद लोगों ने उसे रोककर पूछताछ की और मौके पर ही पकड़ लिया.
मंदिर के सेवादार पर लगा चोरी का आरोप
पकड़े गए युवक की पहचान गोलू उर्फ गौरव के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह मंदिर में सेवादार के रूप में कार्य करता है और श्रृंगार आरती की व्यवस्था से भी जुड़ा हुआ है. लोगों का कहना है कि उसके कब्जे से मंदिर का घंटा बरामद हुआ है. यही वजह है कि अब पहले हुई घंटा चोरी की घटनाओं को लेकर भी उस पर शक जताया जा रहा है. हालांकि इन आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी.
पुलिस को दी गई लिखित शिकायत
घटना के बाद सनी, विशाल उर्फ छोटू, राकेश और लेखपाल आनंद श्रीवास्तव सहित कई लोगों ने पारा थाने में लिखित तहरीर दी है. शिकायत में आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है. तहरीर में यह भी उल्लेख किया गया है कि मंदिर की देखरेख जिला प्रशासन की निगरानी में होती है, इसलिए मामले की गंभीरता से जांच की जानी चाहिए.
सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल
पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि बरामदगी, उपलब्ध साक्ष्यों और शिकायत के आधार पर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उसी के अनुसार आगे की कार्रवाई होगी.
यह भी पढ़ें- राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद: जेएनयू, जामिया और डीयू के स्टूडेंट चाहते हैं ट्रांसपरेंसी और जवाबदेही
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं