Viral News: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले से एक ऐसी खबर आई है जो न सिर्फ आपके होश उड़ा देगी, बल्कि आपके दिल को भी छू जाएगी. एक तरफ जहां दुनिया का सबसे महंगा मियाजाकी आम (Miyazaki Mango) अपनी रिकॉर्ड तोड़ कीमत के लिए सुर्खियों में है, वहीं दूसरी तरफ इसे उगाने वाले किसान संदीप चौधरी ने अपनी दरियादिली से एक ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी चर्चा हर तरफ हो रही है.
पहले 3.5 लाख रुपये में हुई थी डील
सहारनपुर के ग्राम थरोली निवासी किसान संदीप चौधरी ने अपनी तीन साल की कड़ी मेहनत से दुनिया का सबसे महंगा मियाजाकी आम उगाया है. गुजरात के सूरत से आए एक बड़े व्यापारी प्रवीण गुप्ता ने संदीप से सिर्फ 4 आम (कुल वजन 1 किलोग्राम) खरीदने की इच्छा जताई. मियाजाकी आम की इंटरनेशनल मार्केट वैल्यू को देखते हुए इस खास सौदे की कीमत पहले 3,50,000 तय की गई थी.
लेकिन कहानी में मोड़ तब आया, जब व्यापारी प्रवीण गुप्ता ने किसान को बताया कि वे ये अनमोल आम अपनी मां को समर्पित करने के लिए खरीद रहे हैं. ठीक वैसे ही जैसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अभियान है 'एक पेड़ मां के नाम'. जैसे ही किसान संदीप ने सुना कि यह सौदा एक बेटे का अपनी मां के प्रति सम्मान और प्यार है, उनका दिल पिघल गया. उन्होंने बिना एक पल गंवाए कीमत में पूरे 1,39,000 का भारी डिस्काउंट दे दिया और अंतिम सौदा मात्र 2,11,000 में पक्का कर दिया.
एडवांस पेमेंट डन, गुजरात में होगी डिलीवरी
इस सौदे के तहत व्यापारी प्रवीण गुप्ता ने 1,11,000 का भुगतान ऑनलाइन एडवांस के रूप में कर दिया है. बाकी के 1,00,000 आम की डिलीवरी के समय 1 अगस्त को दिए जाएंगे, जब संदीप खुद गुजरात जाकर प्रवीण गुप्ता को ये आम सौंपेंगे. संदीप चौधरी ने न सिर्फ ग्राहक को मां के सम्मान में बड़ी छूट दी, बल्कि उन्होंने यह भी घोषणा की है कि इस बिक्री से होने वाली कुल कमाई का 10 फीसदी हिस्सा वे गरीबों और जरूरतमंदों की मदद में लगाएंगे.
'लोग मजाक उड़ाते थे, आज मेहनत रंग लाई'
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, किसान संदीप का कहना है कि जब उन्होंने 3 साल पहले मियाजाकी आम के पेड़ लगाए थे, तो लोग उनका मजाक उड़ाते थे कि आम लाखों रुपये में कैसे बिक सकता है. लेकिन आज उनके पास इसके करीब 40 पेड़ हैं और ऑर्गेनिक खेती के जरिए उन्होंने यह मुकाम हासिल किया है. वे अन्य किसानों को भी पारंपरिक फसलों (धान-गन्ने) के बजाय ऑर्गेनिक और हाई-वैल्यू फसलों की ओर बढ़ने की सलाह देते हैं, ताकि किसानों की आय सच में दोगुनी हो सके.
आखिर क्यों है इतना महंगा?
मियाजाकी आम का गूदा नरम होता है और ये रस से भरपूर होता है. यह आम केवल स्वाद के लिए ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य के लिए भी अच्छा माना जाता है. इसमें कई तरह के विटामिन और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं, जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं.
ये भी पढ़ें:- कैलकुलेटर से भी तेज चलता है इस 3 साल के बच्चे का दिमाग! VIDEO देख हिल गए लोग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं