विज्ञापन
This Article is From Mar 09, 2018

बसपा के सपा को समर्थन के बाद भाजपा के लोगों की भाषा बदली : अखिलेश यादव

हमारे काम इतने फारवर्ड हैं कि हमने 23 महीने में एक्सप्रेसवे बनाकर उस पर लड़ाकू विमान उतार दिया.'

बसपा के सपा को समर्थन के बाद भाजपा के लोगों की भाषा बदली : अखिलेश यादव
अखिलेश यादव(फाइल फोटो)
इलाहाबाद: उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने सत्तारूढ़ भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि जब से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने सपा को समर्थन देने का ऐलान किया है तब से भाजपा के लोगों की भाषा ही बदल गई है. यहां फाफामऊ में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा, 'यही भाजपा के नेता कहते हैं कि सांप और छछुंदर का गठबंधन हुआ है. हम संकल्प लें कि जब वोट पड़ेगा तो असली सांप और छछुंदर कौन है पता चल जाएगा.' अखिलेश ने बम्हरौली एयरपोर्ट से फाफामऊ तक रोड शो किया.

उन्होंने कहा, 'बहुत से लोगों ने खिसिया कर बहुत कुछ बोल दिया. जब मैं एक्सप्रेसवे बना रहा था तो कभी नहीं सोचा कि मैं बैकवर्ड हूं. हमने 55 लाख गरीब महिलाओं को समाजवादी पेंशन देते समय कभी नहीं सोचा मैं बैकवर्ड हूं. हम कितने भी बैकवर्ड हैं, लेकिन हमारे काम इतने फारवर्ड हैं कि हमने 23 महीने में एक्सप्रेसवे बनाकर उस पर लड़ाकू विमान उतार दिया.'

यह भी पढ़ें : मुलायम-कांशीराम ने रोकी थी राम लहर, क्या माया और अखिलेश मिलकर रोक पाएंगे मोदी लहर?

उन्होंने भाजपा सरकार को चुनौती देते हुए कहा, 'आप पूर्वांचल एक्सप्रेसवे को 22 महीने में बना दो हम मान जाएंगे कि हम बैकवर्ड हैं आप फारवर्ड हो.' सपा प्रमुख ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा, 'इन दिनों भ्रष्टाचार , बेईमानी पर बहुत बातें हो रही हैं. अभी नोटबंदी के बहाने गरीबों का पैसा बैंक में जमा करा दिया. जब इन बैंकों में पैसा जमा हो गया तो बैंकों का पैसा कौन लेकर चला गया.' अखिलेश ने कहा, 'प्रधानमंत्री कहते थे कि उत्तर प्रदेश के थानों को यादव चला रहे हैं. जाति के आधार पर वे ऐसा कहते थे.

VIDEO : फूलपुर उपचुनाव में बीजेपी को मिल रही है बड़ी चुनौती​
किसी पुलिस अधिकारी के नाम के आगे यादव लिखा होता तो वे कहते कि रिश्तेदार है उनका. हम भी पूछना चाहते हैं कि अगर यादव यादव रिश्तेदार है तो पैसे ले जाने वाला रिश्तेदार किसका है. अगर यादव यादव का रिश्तेदार हो सकता है तो बैंक का पैसा ले जाने वाला भी किसी का रिश्तेदार हो सकता है.' पार्टी प्रत्याशी नागेंद्र सिंह पटेल के पक्ष में प्रचार करते हुए उन्होंने कहा कि यह चुनाव देश की राजनीति बदलने वाला चुनाव है. भाजपा के लोग गेस्ट हाउस वाली बात याद दिला रहे हैं. 'बसपा की नेता को हमने बुआ के अलावा कभी कुछ कहा हो तो आप बताओ. लेकिन भाजपा वाले तो भगवान राम के नाम पर धोखा देते हैं.' भाजपा प्रत्याशी कौशलेंद्र सिंह पटेल को बाहरी प्रत्याशी बताते हुए उन्होंने कहा, 'हमारा प्रत्याशी तो हमारे पड़ोस का रहने वाला है. लेकिन भाजपा का प्रत्याशी पैराशूट से उतरा है.’

(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
SP, Bsp
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com