विज्ञापन

बागपत: शहीद दोस्त को दिया वादा किया पूरा, बिटिया की शादी में जाट बटालियन ने कुछ यूं निभाई पिता की जिम्मेदारी

यूपी के बागपत से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जहां सेना के जवानों ने फौजी भाईचारा निभाते हुए शहीद जवान की बेटी की शादी में पहुंचे और कन्यादान किया.

बागपत: शहीद दोस्त को दिया वादा किया पूरा, बिटिया की शादी में जाट बटालियन ने कुछ यूं निभाई पिता की जिम्मेदारी
  • बागपत के हरेंद्र सिंह की बेटी प्राची की शादी में जाट बटालियन के सात जवान पिता की भूमिका निभाते हुए शामिल हुए
  • हरेंद्र सिंह की 2020 में सड़क हादसे में मौत हुई थी, जिसके बाद परिवार की जिम्मेदारी पत्नी अमृता देवी ने संभाली
  • जवानों ने शादी में कन्यादान की रस्म निभाई और 6 लाख 10 हजार रुपये की राशि भेंट की
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
बागपत:

बागपत से एक भावुक कर देने वाली तस्वीर सामने आई है, जहां सेना के जवानों ने इंसानियत और फौजी भाईचारे की अनूठी मिसाल पेश की. सड़क हादसे में जान गंवाने वाले फौजी हरेंद्र सिंह की बेटी की शादी में जाट बटालियन के जवान पिता बनकर पहुंचे. जवानों ने न सिर्फ कन्यादान की रस्म निभाई बल्कि बेटी की विदाई तक हर जिम्मेदारी उठाई और अपने दिवंगत साथी से किया वादा भी पूरा किया.

2020 में पिता की हो गई थी मौत

काठा गांव के रहने वाले हरेंद्र सिंह जाट बटालियन 21 में तैनात थे, जिनकी साल 2020 में सड़क दुर्घटना में मौत हो गई थी, जब वह सेवा से रिटायर होकर घर लौट रहे थे. हरेंद्र सिंह की मौत के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनकी पत्नी अमृता देवी ने संभाली और मेहनत कर अपने बच्चों का पालन-पोषण किया.

Latest and Breaking News on NDTV

शादी में पहुंचे जाट बटालियन के जवान

सोमवार रात जब उनकी बेटी प्राची की शादी बैंक मैनेजर शुभम के साथ तय हुई, तो परिवार ने सेना को भी शादी का निमंत्रण भेजा. अपने साथी फौजी के परिवार का निमंत्रण पाकर जाट बटालियन 21 के सात जवान शादी समारोह में पहुंचे. जवानों ने वर्दी में पहुंचकर न सिर्फ शादी की रस्मों में हिस्सा लिया बल्कि पिता की भूमिका निभाते हुए प्राची का कन्यादान भी किया. इतना ही नहीं, जवानों ने कन्यादान के रूप में 6 लाख 10 हजार रुपये की राशि भी भेंट की.

जवानों की मौजूदगी से पूरा शादी समारोह भावुक और गर्व से भरा नजर आया. विदाई के समय भी जवान बेटी को आशीर्वाद देते हुए मौजूद रहे. सेना के इस अनुकरणीय कदम को देखने के लिए शादी में मौजूद सैकड़ों लोग भावुक हो उठे और सभी ने फौजियों के इस जज्बे को सलाम किया.

मां बोली- जवानों ने पिता-भाई का फर्ज निभाया

दुल्हन की मां अमृता देवी ने बताया कि मेरी बेटी की शादी में फौजी आए थे. वो शादी की सभी रस्मों में रहे. उन्होंने हमें कन्यादान में 6 लाख 10 हजार रुपए दिए हैं. फौजियों ने मेरी बेटी की शादी में पिता और भाई का फर्ज निभाया है. 

दुल्हन के भाई हर्षित ने बताया कि में भी फौजी हूं और अग्निवीर सेना में हूं. मेरी बहन की शादी के लिए सभी फौजी भाई मेरठ से आए थे. मेरी पिता जी भी फौज में थे. मेरे पिता जाट बटालियन 21 में थे, और मैं 11वीं जाट बटालियन में हूं. मेरी बहन की शादी में फौजी भाइयों ने हमारी बहुत मदद की.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com