- आशुतोष ब्रह्मचारी पर रीवा एक्सप्रेस ट्रेन में प्रयागराज जाते समय सिराथू रेलवे स्टेशन के पास जानलेवा हमला हुआ
- हमले के दौरान आशुतोष महाराज ने ट्रेन के टॉयलेट में छिपकर अपनी जान बचाई और कई जगह चोटें आईं
- लहूलुहान हालत में आशुतोष महाराज का प्रयागराज कॉल्विन अस्पताल में इलाज किया गया है
शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ कोर्ट में यौन उत्पीड़न का केस दाखिल करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज पर जानलेवा हमला होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने अपने ऊपर चलती ट्रेन में हमले का आरोप लगाया है. प्रयागराज में राजकीय रेलवे पुलिस को दी तहरीर में रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज जाते वक्त जानलेवा हमला किए जाने का आरोप है.आशुतोष महाराज की तहरीर पर प्रयागराज के जीआरपी थाने में एफआईआर दर्ज की गई है. पुलिस इस पूरी घटना की जांच में जुट गई है.
ट्रेन के टॉयलट में छिपकर बचाई जान
मामले के अनुसार स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के खिलाफ यौन शोषण का केस दर्ज कराने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने आरोप लगाया है कि प्रयागराज आते समय उनपर फतेहपुर और कौशांबी जिले के सिराथू रेलवे स्टेशन के बीच हमला किया गया.आशुतोष ब्रह्मचारी ने बताया कि शामली से वो रात में गाजियाबाद पहुंचे थे और फिर वहां से रीवा एक्सप्रेस ट्रेन से प्रयागराज आ रहे थे, तभी पांच बजे सुबह टॉयलेट जाते समय आशुतोष महाराज पर एक युवक ने हमला बोल दिया. किसी तरह आशुतोष ब्रह्मचारी ने ट्रेन के टॉयलेट में खुद को बंद कर अपनी जान बचाई.
इस हमले में आशुतोष महाराज को कई जगह चोट आई है. आशुतोष ब्रह्मचारी रीवा एक्सप्रेस ट्रेन के H1 कोच की सीट नंबर 15 पर सफर कर रहे थे. सुबह टायलेट के पास ये घटना हुई. लहूलुहान हालत में वह प्रयागराज पहुंचे और प्रयागराज के कॉल्विन अस्पताल में पुलिस ने उनका मेडिकल कराया है. प्रयागराज जंक्शन पर जीआरपी थाने में आशुतोष महाराज द्वार दी गई तहरीर के आधार पर फिलहाल जीआरपी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है और घटना की जांच की जा रही है. आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद समेत अन्य लोगों को साजिशकर्ता बताया है.
दो मामलों की होनी है पैरवी
आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज के मुताबिक वो मथुरा श्रीकृष्ण जन्मभूमि विवाद से जुड़े केस में इलाहाबाद हाईकोर्ट में 12 मार्च को होने वाली सुनवाई के लिए आए हैं.इसके अलावा स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण आरोप के मामले में भी हाईकोर्ट में उन्हें जवाब दाखिल करना है। दोनों मामलों की पैरवी में वो आए हैं. रीवा एक्सप्रेस के एच वन कोच में सफर करते समय उनके साथ ये घटना घटी है. फिलहाल इस घटना में आशुतोष ब्रह्मचारी महाराज ने अपने ऊपर हुए हमले के दावे के बाद एक बार फिर सनसनी फैला दी है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं