विज्ञापन

UP चुनाव के लिए ओवैसी का बड़ा सियासी दांव, अखिलेश-मायावती को दिया खुला ऑफर

यूपी चुनाव के लिए असदुद्दीन ओवैसी ने अभी से अपनी कवायद तेज कर दी है. NDTV से बातचीत में AIMIM चीफ ने सपा-बसपा को बिहार वाला ऑफर दिया है. हालांकि यह देखने वाली बात होगी अखिलेश और मायावती इस ऑफर पर क्या रिएक्ट करते हैं.

UP चुनाव के लिए ओवैसी का बड़ा सियासी दांव, अखिलेश-मायावती को दिया खुला ऑफर
सपा प्रमुख अखिलेश यादव, AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी और बसपा सुप्रीमो मायावती.
NDTV
  • UP में BJP के विजय रथ को रोकने के लिए साइकिल और हाथी के साथ AIMIM की पतंग उड़ने को तैयार नजर आ रही है.
  • ओवैसी ने अखिलेश यादव और मायावती को साथ आने और AIMIM से हाथ मिलने का प्रस्ताव दिया है.
  • ओवैसी ने कहा कि हमारे लिए UP में जीतना एक बड़ी चुनौती हैं. लेकिन हम यहां पिछली बार से अच्छा प्रदर्शन करेंगे.
नई दिल्ली:

Asaduddin Owaisi in UP Elections: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में अभी कुछ महीनों का वक्त बाकी है. लेकिन राज्य का सियासी पारा अभी से चुनावी रंग लेता नजर आ रहा है. सभी राजनीतिक दलों ने अपनी कमर कस ली है, लेकिन इस बार सबसे ज्यादा आक्रामक नजर आ रही है असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM, पश्चिम उत्तर प्रदेश को अपना नया गढ़ बनाने की कवायद में जुटे ओवैसी ने अपनी रैलियों और जनसभाओं के जरिए मुस्लिम मतदाताओं के बीच अपनी जड़ें मजबूत करना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में सहारनपुर से ओवैसी ने UP की राजनीति में एक ऐसा बम फोड़ा है, जिसने सियासी गलियारों में हलचल मचा दी है.

NDTV एक्सक्लूसिव: ओवैसी का 'बुआ- भतीजे' को खुला प्रस्ताव

सहारनपुर की एक विशाल जनसभा के दौरान NDTV को दिए एक एक्सक्लूसिव इंटरव्यू में असदुद्दीन ओवैसी ने अपने इरादे पूरी तरह से साफ कर दिए हैं. उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव और बसपा सुप्रीमो मायावती को एक साथ आने का न्योता दिया है. ओवैसी ने खुले तौर पर कहा कि अगर यूपी में भारतीय जनता पार्टी को सत्ता में आने से रोकना है, तो अखिलेश यादव और मायावती को AIMIM के सहारे की जरूरत पड़ेगी और हम इसलिए गठबंधन का प्रस्ताव देते हैं. 

ओवैसी का यह बयान साफ करता है कि वह यूपी में अकेले नहीं, बल्कि एक मजबूत गठबंधन के मोर्चे के साथ चुनाव लड़ने का वह एक प्रयास कर रहे हैं, उनका मानना है कि बीजेपी को सत्ता से रोकने के लिए इन तीनों ताकतों का एक मंच पर आना समय की मांग और जरूरत हैं ताकि मिलकर बीजेपी को वह रोक सके. हालांकि अब गेंद पूरी तरह से मायावती और अखिलेश यादव के पाले में जा चुकी है. 

सहारनपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी.

सहारनपुर में आयोजित जनसभा को संबोधित करते AIMIM चीफ असदुद्दीन ओवैसी.
Photo Credit: सोशल मीडिया

सियासी गणित: 0.46% वोट शेयर और बिहार की कसक

ओवैसी भले ही यूपी की सियासत में लंबे समय से मुस्लिम मतदाताओं को साधने की कोशिश कर रहे हों, लेकिन जमीनी और चुनावी आकड़ों की सच्चाई यह है कि पिछले चुनावों में उनका वोट शेयर महज 0.46% तक ही सिमट कर रह गया था. हालांकि, इस बार हालात अलग हैं. पार्टी जमीनी स्तर पर पहले से ज्यादा मजबूत और संगठित होने की कोशिश में जुटी दिखाई दे रही है. चुनावी अंकगणित को अपने पक्ष में करने के लिए ही ओवैसी गठबंधन की राजनीति पर जोर दे रहे हैं. 

इससे पहले बिहार विधानसभा चुनाव में भी ओवैसी ने RJD और कांग्रेस के सामने गठबंधन का प्रस्ताव रखा था, लेकिन तब बात नहीं बन पाई थी. बावजूद इसके, बिहार में ओवैसी की पार्टी ने 5 सीटें जीतकर सबको चौंका दिया था. अब देखना यह है कि क्या अखिलेश और मायावती ओवैसी के इस खुले ऑफर को स्वीकार करेंगे या यूपी में एक नया सियासी समीकरण बनेगा? फिलहाल दोनों ही पार्टियों की तरफ से इस पर कोई अंतिम फैसला नहीं आया है ना की कोई बयान जारी किया गया है. 

कांग्रेस पर ओवैसी का तीखा प्रहार: AIMIM की ताकत से खौफ में हैं

इंटरव्यू के दौरान ओवैसी से उनके ऊपर लगने वाले 'बीजेपी की B टीम' के आरोपों पर सवाल किया गया, तो उन्होंने कांग्रेस पर जोरदार पलटवार किया. ओवैसी ने कांग्रेस के दोहरे मापदंडों की पोल खोलते हुए तीखा तंज कसा.ओवैसी ने यह भी पूछा, "जो लोग मुझे आज बीजेपी की B टीम कहते हैं, वो फिर तेलंगाना के जुबली हिल्स में हमारे समर्थन को खुशी-खुशी क्यों स्वीकार कर लेते हैं?" 

कांग्रेस पर अपना हमला जारी रखते हुए AIMIM चीफ ने मुस्कुराते हुए कहा, "मुझे यह देखकर बहुत अच्छा लगता है कि आज देश की सबसे पुरानी पार्टी कांग्रेस, AIMIM की बढ़ती ताकत से खौफ खाती है और डरती है वही कई चुनावो को हारने का तंज कसते हुए ओवैसी ने कांग्रेस को घेरा. 

उत्तर प्रदेश का यह चुनावी रण अब बेहद दिलचस्प मोड़ पर आ खड़ा हुआ है. ओवैसी ने अपनी तरफ से गेंद अखिलेश यादव और मायावती के पाले में डाल दी अब फैसला बुआ-भतीजे को करना होगा. 


देखना होगा ओवैसी के ऑफर पर अखिलेश-मायवती क्या करते हैं?

एक ओर कांग्रेस और सपा के बीच भी पिछले कई दिनों से तल्खी बढ़ती जा रही है वहीं अखिलेश लगातार राम मंदिर के मुद्दे पर बीजेपी को घेरते दिख रहे हैं. कई मुद्दों पर अखिलेश यादव, राहुल गांधी और ओवैसी बीजेपी को घेरते दिखाई दे रहे हैं लेकिन सवाल अब यह बन गया है कि क्या यूपी में एक नए 'महागठबंधन' का उदय होगा? क्या मुस्लिम वोट बैंक किसी एक तरफ जाएगा या इसमें बिखराव आएगा? इन सभी सवालों के जवाब आने वाले 7 महीनों की सियासत और समय तय करेगा.

यह भी पढ़ें - यूपी चुनाव में ओवैसी की एंट्री ने बजाया सपा और कांग्रेस के लिए अलार्म, किस इलाके में काटेंगे वोट

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Uttar Pradesh Assembly Elections 2027, Asaduddin Owaisi, Asaduddin Owaisi In UP Elections, Akhilesh Yadav, Mayawati
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com