विज्ञापन
This Article is From Apr 21, 2018

रायबरेली में बोले अमित शाह, यहां विकास करने की जिम्मेदारी BJP लेती है

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि उनकी पार्टी सोनिया गांधी के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र को 'परिवारवाद' से मुक्त कराके विकास के रास्ते पर ले जाएगी.

रायबरेली में बोले अमित शाह, यहां विकास करने की जिम्मेदारी BJP लेती है
अमित शाह (फाइल फोटो)
  • अमित शाह ने साधा कांग्रेस पर निशाना
  • कहा- रायबरेली के विकास की जिम्मेदारी भाजपा लेती है
  • उन्होंने कहा कि यहां लोगों ने अब तक परिवारवाद देखा है
रायबरेली: गांधी परिवार के गढ़ में कांग्रेस के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह कहा कि उनकी पार्टी सोनिया गांधी के लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र को 'परिवारवाद' से मुक्त कराके विकास के रास्ते पर ले जाएगी. शाह ने यहां एक जनसभा में कहा, 'रायबरेली ने कांग्रेस के बड़े-बड़े नेता चुनकर संसद भेजे लेकिन यहां का विकास नहीं हुआ. लगता ही नहीं कि देश के बड़े-बड़े नेता यहां से चुनकर गये हैं. ' उन्होंने कहा कि रायबरेली ने आजादी के बाद से अब तक परिवारवाद देखा. विकास नहीं देखा. रायबरेली को परिवारवाद से मुक्त कराकर विकासवाद के रास्ते पर ले जाने का अभियान भाजपा शुरू करेगी. 'रायबरेली का विकास दिन दूनी रात चौगुनी करने की जिम्मेदारी भाजपा लेती है.' 

शाह ने कहा कि कांग्रेस भगवा आतंकवाद और हिंदू आतंकवाद कहकर हिंदू संस्कृति को बदनाम कर रही थी लेकिन अदालत के फैसलों ने सच उजागर कर दिया. मक्का मस्जिद विस्फोट मामले में असीमानंद को अदालत से बरी किये जाने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा, '... मैं राहुल बाबा को बोलना चाहता हूं कि उन्होंने और उनके नेताओं ने 'भगवा आतंकवाद' का नाम देकर देश के हिंदुओं को बदनाम करने का जो काम किया, उसके लिए देश से माफी मांगनी चाहिए.' उन्होंने जनसभा में आये लोगों से कहा, 'मैं आपको विश्वास दिलाना चाहता हूं कि रायबरेली को हम एक आदर्श जिला बनाएंगे.' शाह ने कर्नाटक विधानसभा चुनावों में भाजपा की जीत का दावा करते हुए यह भी कहा कि 2019 में एक बार फिर देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ही सरकार बनेगी. 

यह भी पढ़ें: राहुल को अमित शाह की चुनौती -अगर भाजपा ने किसी उद्योगपति का कर्ज माफ किया है तो देश को बताएं

केंद्र तथा उत्तर प्रदेश सरकार के काम से स्पष्ट है कि 2019 में देश में एक बार फिर से नरेंद्र मोदी की सरकार बनने वाली है. उन्होंने कहा कि आज किसान-दलित समेत हर वर्ग भाजपा से जुड़ा हुआ है. मुख्यमंत्री योगी की प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि योगी सरकार बनने के पहले देश भर में उत्तर प्रदेश खराब कानून व्यवस्था और गुंडाराज के लिए जाना जाता था. उत्तर प्रदेश में योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनते ही गुंडे पलायन करना शुरू हो गये. कानून व्यवस्था की स्थिति अच्छी हुई. इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि भाजपा किसी परिवार या जाति की पार्टी नहीं है. भाजपा के सत्ता में आने के बाद देश में गरीबों का विकास हुआ है. 

यह भी पढ़ें: कर्नाटक चुनाव : BJP की दूसरी सूची में 82 उम्मीदवारों के नाम, देखें पूरी लिस्ट
​
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र नाथ पाण्डेय ने शाह और योगी की मौजूदगी में विधान परिषद में कांग्रेस के नेता दिनेश प्रताप सिंह तथा उनके भाई जिला पंचायत अध्यक्ष अवधेश सिंह को पार्टी में शामिल करने का ऐलान किया. उधर जनसभा में शाह के बोलने से पहले ही आग लगने से अचानक अफरातफरी मच गयी. अधिकारियों ने बताया कि आग पर तुरंत ही काबू पा लिया गया. आग की वजह मीडिया के लिए बनाये गये स्थान के निकट शार्ट सर्किट बतायी गयी है .

VIDEO: राहुल बोले- दलितों को कुछ नहीं समझते अमित शाह
घटना के समय शाह और मुख्यमंत्री योगी मंच पर मौजूद थे. भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पाण्डेय जनसभा को संबोधित कर रहे थे, उसी समय लोगों की नजर अचानक उठे धुएं और चिन्गारी पर गयी. इस घटना की वजह से जनसभा के कार्यक्रम को कुछ देर के लिए रोकना पड़ा.
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Amit Shah, Rae Bareli
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com