यूपी के अलीगढ़ में कांग्रेस की प्रेस कॉन्फ्रेंस उस वक्त शर्मनाक हंगामे में बदल गई, जब मंच पर जाने से पहले ही ‘चप्पल वॉर' छिड़ गया. नेताओं के बीच जमकर मारपीट हुई और एक शख्स को पीटते हुए कॉन्फ्रेंस से बाहर कर दिया गया. इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सामने आने के बाद मामला और भी चर्चा में आ गया है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस से पहले मचा बवाल
दरअसल, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और यूपी प्रभारी तौकीर आलम की प्रेस वार्ता शुरू होने वाली थी, तभी अचानक माहौल बिगड़ गया. कुछ नेताओं ने आरोप लगाया कि कार्यक्रम में बाहरी लोग घुस आए हैं. इसी बात को लेकर बहस शुरू हुई और देखते ही देखते मामला हाथापाई तक पहुंच गया.
हाथापाई से ‘चप्पल वॉर' तक पहुंचा विवाद
कहासुनी इतनी बढ़ गई कि नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई. कई लोग एक-दूसरे पर टूट पड़े और हालात ऐसे बन गए कि मारपीट के साथ चप्पलें तक चलने लगीं. मौके पर मौजूद लोगों ने बड़ी मुश्किल से बीच-बचाव कर मामला शांत कराया.
वीडियो हुआ वायरल
इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह एक शख्स को घेरकर पीटा जा रहा है और वहां अफरा-तफरी मची हुई है. घटना के बाद कुछ देर के लिए प्रेस कॉन्फ्रेंस भी रोकनी पड़ी.
‘नशे में था बाहरी व्यक्ति'
कांग्रेस महानगर अध्यक्ष नावेद खान ने सफाई देते हुए कहा कि एक बाहरी व्यक्ति, जो कथित तौर पर नशे में था, कार्यक्रम में घुस आया था. उनका कहना है कि वह व्यक्ति पार्टी का सदस्य नहीं था और पहले किसी कार्यक्रम में दिखाई नहीं दिया. जब उसे बाहर जाने के लिए कहा गया तो उसने अभद्रता की और मारपीट शुरू कर दी. इस पूरे मामले के बाद कांग्रेस की अंदरूनी व्यवस्था और कार्यक्रम की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं. आखिर कैसे एक बाहरी व्यक्ति कार्यक्रम में पहुंच गया और मामला इतना बिगड़ गया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं