लखनऊ: उत्तर प्रदेश कैडर की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी और देवरिया की पूर्व जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने 13 साल की सेवा के बाद इस्तीफा दे दिया है. आईएएस के इस्तीफे को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने यूपी सरकार पर निशाना साधा है. अखिलेश ने कहा, ''इस सरकार में ईमानदार अधिकारी काम नहीं कर पा रहे हैं. करप्शन इतना है कि ईमानदार अधिकारी काम नहीं कर पा रहे है. ईमानदार अधिकारी इस्तीफा दे रहे हैं. राम मंदिर मामले में भी अधिकारी जो ईमानदार हैं, इतना दबाव है कि वो ईमानदारी से काम नहीं कर पा रहे हैं.
2013 बैच की आईएएस अधिकारी दिव्या मित्तल ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में अपने फैसले की घोषणा की. उन्होंने अपनी पोस्ट में कहा, 'आज मैंने 13 वर्षों की अविस्मरणीय यात्रा को अपनी इच्छा से विराम देते हुए आईएएस से त्यागपत्र दे दिया है।'' अपने इस्तीफे के फैसले को लेकर दिव्या मित्तल ने कहा कि आईएएस की नौकरी उनके जीवन का अंत नहीं है. उन्होंने कहा, “यह आईएएस की नौकरी मेरे जीवन का एक चैप्टर मात्र है, न कि मेरा पूरा जीवन.”
अखिलेश ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर साधा निशाना
समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने रविवार को कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे राज्यों के अपराधी राज्य में घुस आए हैं और बीजेपी सरकार पर अपराध में शामिल लोगों को बचाने का आरोप भी लगाया. उनके ये बयान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान के बाद आए हैं, जिसमें उन्होंने शनिवार को कहा था कि राज्य अब अपनी पुरानी "बीमारू" राज्य वाली छवि से आगे निकल चुका है और हेल्थकेयर, कनेक्टिविटी, शिक्षा और कानून-व्यवस्था में सुधार की वजह से अब उसकी एक सम्मानजनक छवि बन गई है.
यह भी पढ़ें- 'कैसे देंगे एक लाख नौकरी, जब...,' सीएम योगी की घोषणा पर अखिलेश ने उठाए सवाल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं