- समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग को "एथिकली करप्ट इंस्टिट्यूट" बताते हुए निशाना साधा है
- अखिलेश यादव ने तृणमूल कांग्रेस को दिए चुनाव आयोग के जवाब पर कटाक्ष किया है
- तृणमूल कांग्रेस चुनाव आयोग पर बीजेपी से मिलीभगत और चुनाव में धांधली का आरोप लगाती रही है
समाजवादी पार्टी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट लिखकर एक संवैधानिक संस्था को “एथिकली करप्ट इंस्टिट्यूट बताया है. सोशल मीडिया साइट एक्स पर एक पोस्ट में अखिलेश यादव ने लिखा," बस ईसीआई रहित कर दें, बाकी सब अपने आप हो जाएगा. ये कटाक्ष कर अखिलेश यादव ने हैशटैग लगाकर इस संस्था को “एथिकली करप्ट इंस्टिट्यूट” बताने का अभियान शुरू करने की भी कोशिश की है.
दरअसल अखिलेश यादव ने ये कटाक्ष चुनाव आयोग पर किया है. इलेक्शन कमीशन की शॉर्ट फॉर्म ईसीआई है. इसी ईसीआई को अखिलेश यादव ने “एथिकली करप्ट इंस्टिट्यूट” बताया है. ये पोस्ट चुनाव आयोग के बंगाल चुनाव में तृणमूल कांग्रेस को दिए जवाब को लेकर किया गया है.
बस ECI रहित कर दें, बाक़ी सब अपने आप हो जाएगा।#Ethically_Corrupt_Institution pic.twitter.com/gNWLplUyEa
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) April 8, 2026
चुनाव आयोग पर अखिलेश यादव का कटाक्ष
दरअसल चुनाव आयोग ने एक पोस्ट में तृणमूल कांग्रेस को जवाब दिया है. इस पोस्ट में लिखा है, “चुनाव आयोग की तृणमूल कांग्रेस को दो टूक. पश्चिम बंगाल में इस बार चुनाव: भय रहित, हिंसा रहित, धमकी रहित, प्रलोभन रहित, छापा रहित, बूथ एवं सोर्स जामिंग रहित होकर ही रहेंगे." इस पोस्ट में चुनाव अधिकारियों की तस्वीर भी लगाई गई है.
TMC को EC के जवाब से भड़के अखिलेश
दरअसल पश्चिम बंगाल चुनाव को लेकर तृणमूल कांग्रेस चुनाव आयोग को लगातार घेर रही है. एसआईआर और चुनाव प्रबंधन में धांधली का सीधा आरोप चुनाव आयोग पर लगाया जा रहा है. चुनाव आयोग पर बीजेपी से मिलीभगत का आरोप भी लगाया जा रहा है. इन्हीं आरोपों को लेकर चुनाव आयोग ने ममता बनर्जी की पार्टी टीएमसी को जवाब दिया है.
टीएमसी को खुलकर समर्थन दे रहे अखिलेश
वहीं अखिलेश यादव भी लंबे समय से चुनाव आयोग को निशाने पर लेकर आरोप लगाते रहे हैं. यूपी में भी एसआईआर को लेकर सपा ने चुनाव आयोग पर गड़बड़ी करने का आरोप मढ़ा था. अखिलेश बार-बार ईवीएम की जगह बैलट से चुनाव कराने की मांग करते रहे हैं. बंगाल विधानसभा चुनाव में सपा टीएमसी को खुलकर समर्थन दे रही है. यही वजह है कि चुनाव आयोग के टीएमसी को दिए जवाब पर अखिलेश यादव आग बबूला दिखई दे रहे हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं