उत्तर प्रदेश के सोनभद्र में 10 लोगों की गोली मारकर हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर दो गुटों में खूनी संघर्ष हुआ जिसमें 10 लोगों की मौत हो गई जबकि फायरिंग में 6 लोग घायल भी हुए हैं. वारदात सोनभद्र के घोरावल कस्बे के उभ्भा गांव की है जहां जमीन को लेकर हुआ था विवाद. सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची घोरावल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस ने बताया कि सपाही गांव प्रधान यज्ञ दत्त और उनके समर्थकों ने जमीन विवाद में दूसरे पक्ष पर अंधाधुंध गोलियां बरसा दी. मामले की जांच की जा रही है. घायलों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया है, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
Sonbhadra: Casualties reported after firing between two groups over a land dispute in Ghorawal today; District Magistrate Ankit Kumar Agarwal says, "We can't tell exact numbers as of now. 9 persons brought to District Hospital. Some are injured & some are dead." pic.twitter.com/QDeL1QylFK
— ANI UP (@ANINewsUP) July 17, 2019
जहां यह वारदात हुई है वह जगह सोनभद्र के जिला मुख्यालय रॉबर्ट्सगंज से 55-56 किलोमीटर दूर है. बताया जा रहा है कि जहां यह घटना हुई है वहां यज्ञ दत्त नाम के एक ग्राम प्रधान ने इलाके में करीब 90 बीघे जमीन 2 साल पहले खरीदी थी और वह उसी जमीन का कब्जा लेने पहुंचा था. यहां स्थानीय लोगों ने उसका विरोध किया जिसके बाद प्रधान के साथ आए लोगों ने कथित रूप से गांववालों पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी. यज्ञ दत्त का दावा है कि उसने इलाके में 90 बीघे जमीन खरीदी थी. इसी जमीन का कब्जा लेने प्रधान 20 ट्रैक्टरों में भरकर 300 लोगों को लेकर आया था. घटना के बाद से प्रधान यज्ञ दत्त फरार है.
इस इलाके में गोंड और गुर्जर अदिवासी रहते हैं और ये गुर्जर लोग वहां दूध बेचने का काम करते हैं. यह इलाका जंगलों से घिरा है और यहां ज्यादातर वनभूमि है. चूंकि यहां सिंचाई का कोई साधन नहीं है इसलिए ये स्थानीय लोग बारिश के मौसम में बरसात के पानी से वनभूमि पर खरीफ के मौसम में मक्के और अरहर की खेती करते हैं. इस इलाके में वनभूमि पर कब्जे को लेकर अक्सर झगड़ा होता रहता है. इसी इलाके में साल 2014 में तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने 6000 बीघे वनभूमि में 5 लाख पेड़ एक ही दिन में लगवाए थे.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेते हुए मृताकों के परिवारों से संवेदना व्यक्त है और घटना में घायल हुए लोगों को तत्काल इलाज की बेहतर सुविधाएं मुहैया कराने के निर्देश दिए.
CM takes cognisance of the incident in Sonbhadra (firing b/w 2 groups over a land dispute) & expressed condolences to family of deceased; directed DM to provide immediate medical attention to injured. He also directed DGP to personally monitor the case & ensure effective action. pic.twitter.com/qfG1tk7XP4
— ANI UP (@ANINewsUP) July 17, 2019
मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक को स्वयं इस मामले पर नजर रखने का आदेश दिया और यह सुनिश्चित करने को कहा कि आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही हो.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं