भारतीय रेल में हर दिन लाखों लोग सफर करते हैं. रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने कश्मीर घाटी में चल रही विस्तारण स्पेशल रेलगाड़ियों के संचालन की अवधि बढ़ाने का फैसला किया है. इस निर्णय से जम्मू-कश्मीर में यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को राहत मिलेगी. रेलवे द्वारा जारी सूचना के अनुसार, बडगाम और श्री माता वैष्णो देवी कटरा के बीच संचालित स्पेशल ट्रेनों का संचालन अब 2 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा.
किन ट्रेनों की अवधि बढ़ाई गई?
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04688 बडगाम-श्री माता वैष्णो देवी कटरा विस्तारण स्पेशल और ट्रेन संख्या 04687 श्री माता वैष्णो देवी कटरा-बडगाम विस्तारण स्पेशल की सेवा अवधि बढ़ा दी गई है. ये दोनों ट्रेनें यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए पहले भी संचालित की जा रही थीं.
हफ्ते में 6 दिन चलेगी ट्रेन
रेलवे की ओर से जारी समय-सारणी के मुताबिक, दोनों ट्रेनें रविवार को छोड़कर हफ्ते में 6 दिन संचालित होंगी. ट्रेन संख्या 04688 बडगाम से कटरा के लिए चलेगी, जबकि ट्रेन संख्या 04687 कटरा से बडगाम के लिए संचालित होगी. इससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी.
3 जुलाई से लागू हुआ फैसला
इन स्पेशल ट्रेनों की मौजूदा अवधि 2 जुलाई 2026 तक निर्धारित थी. अब रेलवे ने इसे बढ़ाकर 3 जुलाई 2026 से 2 नवंबर 2026 तक कर दिया है. इस विस्तार के तहत दोनों ट्रेनों के कुल 104 अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे.
रेलयात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे द्वारा कश्मीर घाटी में विस्टाडोम स्पेशल रेलगाड़ियों की संचालन अवधि को बढ़ाने का निर्णय लिया गया है, जिसका विवरण निम्नानुसार है। pic.twitter.com/NDgi3H2vB1
— Northern Railway (@RailwayNorthern) July 3, 2026
बानिहाल तक भी रहेगी सेवा
रेलवे के नोट के अनुसार, 31 अगस्त 2026 तक ये ट्रेनें बडगाम और बानिहाल के बीच भी संचालित होती रहेगी. साथ ही श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्टेशन के स्थान पर बानिहाल तक यात्रा का भी प्रावधान रहेगा. इससे घाटी के अंदर आवागमन करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी.
रेलवे ने यात्रियों से की अपील
रेलवे ने यात्रियों से यात्रा की योजना बनाने से पहले ट्रेन के ठहराव, शेड्यूल और अन्य जानकारी की पुष्टि करने की अपील की है. यात्री अधिक जानकारी के लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क कर सकते हैं या रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट enquiry.indianrail.gov.in पर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें:- ट्रेन में धूम्रपान, फेरी लगाना और भीख मांगना पड़ेगा भारी, रेलवे ने बढ़ाया जुर्माना, जानिए पूरी डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं