विज्ञापन

रेलवे स्टेशन पर शुरू करना चाहते हैं अपना बिजनेस? इस स्टेशन पर प्रीमियम स्पेस की होने जा रही नीलामी, जानें डेट और टाइम

अगर आप रेलवे स्टेशन पर कोई बिजनेस करना चाहते हैं, तो खम्मम रेलवे स्टेशन पर प्रीमियम प्रीपेड एसी वेटिंग हॉल के लिए ई-नीलामी की घोषणा की गई है. यह जगह पांच साल के लिए दी जाएगी.

रेलवे स्टेशन पर शुरू करना चाहते हैं अपना बिजनेस? इस स्टेशन पर प्रीमियम स्पेस की होने जा रही नीलामी, जानें डेट और टाइम
रेलवे स्टेशन पर बिजनेस शुरू करने का मौका, खम्मम स्टेशन के प्रीमियम एसी वेटिंग हॉल के लिए होगी ई-नीलामी
(P.C- @SrDCMSC/X)

अगर आप कोई ऐसा बिजनेस शुरू करना चाहते हैं, जहां हर दिन बड़ी संख्या में लोग आते हों, तो आपके लिए अच्छी खबर है. साउथ सेंट्रल रेलवे के सिकंदराबाद मंडल ने खम्मम रेलवे स्टेशन पर प्रीमियम प्रीपेड एसी वेटिंग हॉल के लिए ई-नीलामी का ऐलान किया है. यह जगह पांच साल के लिए दी जाएगी. सिकंदराबाद मंडल के सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर (Sr. DCM) ने इसकी जानकारी अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर शेयर की है.

29 जून को होगी ई-नीलामी

रेलवे की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, इस प्रीमियम स्पेस के लिए ई-नीलामी 29 जून 2026 को दोपहर 2 बजे होगी. जो लोग या कंपनियां रेलवे स्टेशन पर कारोबार शुरू करना चाहते हैं, वे इस नीलामी में हिस्सा ले सकते हैं.

क्यों खास है यह मौका?

खम्मम रेलवे स्टेशन को रेलवे ने हाई फुटफॉल जोन बताया है. यानी यहां हर दिन बड़ी संख्या में लोग आते-जाते हैं. स्टेशन पर रेल यात्रियों के अलावा ऑफिस जाने वाले लोग, छात्र, बिजनेस ट्रैवलर और पर्यटक भी पहुंचते हैं. ऐसे में यहां शुरू होने वाले बिजनेस को बड़ी संख्या में ग्राहक मिल सकते हैं.

रेलवे का कहना है कि यह एक प्राइम लोकेशन है, जहां बिजनेस की अच्छी संभावनाएं हैं. स्टेशन पर लगातार लोगों की आवाजाही रहने से कारोबार को बेहतर पहचान और ग्राहकों तक सीधी पहुंच मिल सकती है. साथ ही पांच साल का एग्रीमेंट होने से लंबे समय तक कमाई का मौका भी मिलेगा.

किस तरह का कारोबार किया जा सकता है?

रेलवे के अनुसार, इस जगह पर यात्रियों की जरूरत से जुड़े कई तरह के कारोबार किए जा सकते हैं. यहां पैसेंजर कन्वीनियंस स्टोर, ट्रैवल से जुड़ा जरूरी सामान, टॉयलेट्रीज और पर्सनल केयर प्रोडक्ट्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकती हैं. यात्रियों को सफर के दौरान अक्सर रोजमर्रा की जरूरत का सामान खरीदना पड़ता है. ऐसे में इस तरह की दुकानें लगाकर अच्छी कमाई की जा सकती है.

कहां मिलेगी अधिक जानकारी?

इससे जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए इच्छुक लोग साउथ सेंट्रल रेलवे, सिकंदराबाद मंडल के सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं. इसके अलावा रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट www.scr.indianrailways.gov.in से भी जानकारी ले सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- साइबर ठगी का नया तरीका, जानें क्या है Boss Scam? WhatsApp अकाउंट हैक कर कंपनियों को बनाया जा रहा निशाना

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Indian Railways, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com