उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) ने यात्रियों, खासकर महिलाओं की सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए अपनी बसों और मार्गदर्शी मोबाइल ऐप में SOS (इमरजेंसी) सुविधा शुरू की है. इस नई व्यवस्था का उद्देश्य यात्रियों को किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि उनका सफर सुरक्षित और तनावमुक्त बन सके. इसको लेकर UPSRTC ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया है, जिसमें इसको लेकर जानकारी शेयर की गई है.
बस और मार्गदर्शी मोबाइल ऐप में SOS सुविधा एक्टिव
UPSRTC के अनुसार, बसों में एक विशेष SOS बटन लगाया गया है. अगर, किसी यात्री को यात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी, असुरक्षा या आपातकालीन स्थिति का सामना करना पड़ता है, तो वह इस बटन का उपयोग कर सकता है. बटन दबाते ही कंट्रोल रूम को अलर्ट भेजा जाएगा और जरूरत पड़ने पर सहायता के लिए तुरंत कार्रवाई की जाएगी.
कैसे और कब करें इस्तेमाल
इसके अलावा, UPSRTC के ‘मार्गदर्शी' मोबाइल ऐप में भी SOS फीचर उपलब्ध कराया गया है. यात्री अपने स्मार्टफोन में यह ऐप डाउनलोड कर सकते हैं और जरूरत पड़ने पर केवल एक क्लिक में मदद मांग सकते हैं. ऐप के जरिए भेजी गई सूचना कंट्रोल सेंटर तक पहुंचती है, जिसके बाद संबंधित अधिकारियों और सुरक्षा एजेंसियों को अलर्ट किया जाता है.
यात्री सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप, UPSRTC की बसों एवं मार्गदर्शी मोबाइल ऐप में SOS सुविधा सक्रिय है। आपातकालीन स्थिति में यह सुविधा त्वरित सहायता एवं आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने में सहायक है।
— UPSRTC (@UPSRTCHQ) July 3, 2026
यह पहल सुरक्षित, विश्वसनीय एवं तकनीक-सक्षम सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था… pic.twitter.com/qvWOHCgiVo
परिवहन निगम के मुताबिक, SOS अलर्ट मिलते ही 112 आपातकालीन सेवा से भी समन्वय स्थापित किया जाएगा, जिससे यात्रियों को तेजी से सहायता मिल सके. इस सुविधा के माध्यम से 24x7 निगरानी और सहायता सुनिश्चित की जाएगी. UPSRTC का कहना है कि महिला सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है. यही कारण है कि बसों और डिजिटल प्लेटफॉर्म दोनों पर सुरक्षा से जुड़े आधुनिक फीचर्स जोड़े जा रहे हैं.
नई SOS सुविधा यात्रियों में सुरक्षा का भरोसा बढ़ाने के साथ-साथ सार्वजनिक परिवहन को और अधिक विश्वसनीय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है. इस पहल के साथ UPSRTC का संदेश साफ है “हर यात्रा सुरक्षित, हर यात्री निश्चिंत”.
यह भी पढ़ें:- ट्रेन में धूम्रपान, फेरी लगाना और भीख मांगना पड़ेगा भारी, रेलवे ने बढ़ाया जुर्माना, जानिए पूरी डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं