अगर आप राशन कार्डधारक हैं और हर महीने सरकारी राशन लेते हैं, तो आपके लिए यह जानना बेहद जरूरी है कि आपको कितना राशन मिलना चाहिए. कई बार लोगों को अपनी पात्रता और निर्धारित मात्रा की सही जानकारी नहीं होती है. ऐसे में वे अपने अधिकारों का पूरा लाभ नहीं उठा पाते हैं या अनजाने में धोखाधड़ी का शिकार भी हो जाते हैं. इसी समस्या को देखते हुए हाल ही में खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण विभाग (Department of Food & Public Distribution) ने सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर पोस्ट शेयर कर जानकारी दी है. आइए जानते हैं इस बारे में-
PHH कार्डधारकों को कितना राशन मिलता है?
अगर आपके पास प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) का प्राथमिकता प्राप्त परिवार (PHH - Priority Household) कार्ड है, यानी आपके राशन कार्ड पर प्राथमिकता प्राप्त परिवार लिखा है, तो आपको परिवार के हर सदस्य के हिसाब से प्रति माह 5 किलो राशन मिलेगा. आसान भाषा में समझें, तो अगर आपके परिवार में 5 सदस्य हैं, तो आपको हर महीने कुल 25 किलो राशन मिलेगा. परिवार में जितने सदस्य दर्ज होंगे, उसी आधार पर राशन की मात्रा तय की जाती है.
AAY कार्डधारकों को कितना राशन मिलता है?अगर आपके राशन कार्ड पर अंत्योदय अन्न योजना (AAY) लिखा है, तो आपको प्रति सदस्य के हिसाब से नहीं बल्कि पूरे परिवार के लिए हर महीने 35 किलो राशन दिया जाता है.
राशन लेते समय जरूर लें रसीदराशन लेने के बाद रसीद लेना बेहद जरूरी है. रसीद में यह दर्ज होता है कि आपको कितना राशन दिया गया है. इससे आप आसानी से जांच सकते हैं कि आपको निर्धारित मात्रा में राशन मिला है या नहीं. भविष्य में किसी तरह की परेशानी या शिकायत की स्थिति में यही रसीद प्रमाण के रूप में काम आती है.
कम राशन मिलने पर क्या करें?अपनी पात्रता जानिए, अपना पूरा हक पाइए।
— Department of Food & Public Distribution (@fooddeptgoi) June 15, 2026
PHH लाभार्थियों के लिए प्रति व्यक्ति 5 किलो और AAY परिवारों के लिए प्रति माह 35 किलो राशन निर्धारित है।
जागरूक रहें और सुनिश्चित करें कि आपको आपकी पात्रता के अनुसार पूरा राशन मिल रहा है।#PMGKAY #RationAwareness #DFPD pic.twitter.com/PabUVXBkK0
अगर आपको तय मात्रा से कम राशन मिलता है, तो चुप न रहें. इस स्थिति में आप सीधे शिकायत कर सकते हैं. इसके लिए अन्न सहायता WhatsApp नंबर 9868200445, IVRS नंबर 14457 या मेरा राशन ऐप का उपयोग किया जा सकता है. शिकायत दर्ज होने के बाद संबंधित अधिकारियों द्वारा मामले की जांच की जाती है.
भाषा अलग हो सकती है, लेकिन समाधान तक पहुँच का अधिकार सभी का है।
— Department of Food & Public Distribution (@fooddeptgoi) June 15, 2026
अन्न सहायता लाभार्थियों को उनकी सुविधा और भाषा के अनुसार शिकायत दर्ज करने का एक सरल माध्यम प्रदान करती है।#AnnaSahayata #DFPD pic.twitter.com/ce6vPLgSpP
ऐसे में अगर आप राशन कार्डधारक हैं, तो अपने अधिकारों की जानकारी रखें, हर बार राशन लेने के बाद मात्रा जरूर चेक करें और किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत शिकायत दर्ज करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं