विज्ञापन

बिहार में 100 महिलाओं से लोन के नाम पर ठगी, फर्जी बैंक खोलकर गांव-गांव पहुंचे एजेंट... फिर शटर बंद

मधेपुरा में आकांक्षा क्रेडिट केपिटल प्राइवेट लिमिटेड नाम से संचालित इस संस्था ने महिलाओं को आसान लोन दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे जमा कराए और फिर संचालक फरार हो गया.

बिहार में 100 महिलाओं से लोन के नाम पर ठगी, फर्जी बैंक खोलकर गांव-गांव पहुंचे एजेंट... फिर शटर बंद
लोन के नाम पर 100 महिलाओं से ठगी
Bihar News:

बिहार में फिल्म 'फिर हेराफेरी' की कहानी देखने को मिली, जिसमें फर्जी बैंक खोल कर धोखाधड़ी करने की स्क्रिप्ट थी. वैसे ही मधेपुरा में भी इसी तर्ज पर महिलाओं के साथ बड़े फर्जीवाड़े और ठगी का मामला सामने आया है. सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के दुर्गा चौक पर एक फर्जी निजी बैंक खोलकर करीब 100 महिलाओं से लाखों रुपये ठग लिए गए. आरोप है कि आकांक्षा क्रेडिट केपिटल प्राइवेट लिमिटेड नाम से संचालित इस संस्था ने महिलाओं को आसान लोन दिलाने का झांसा देकर उनसे पैसे जमा कराए और फिर संचालक फरार हो गया.

जानकारी के मुताबिक, 4 मई को दुर्गा चौक स्थित एक किराए के मकान में इस संस्था का बोर्ड लगाकर कार्यालय खोला गया. बाहर से सबकुछ असली बैंक जैसा दिख रहा था, जिससे स्थानीय लोगों को किसी तरह का शक नहीं हुआ. इसके अगले ही दिन एजेंट गांव-गांव पहुंचे और महिलाओं को 1 लाख 60 हजार रुपये तक का लोन दिलाने का वादा करने लगे.

प्रोसेसिंग के नाम पर 5 हजार रुपये

महिलाओं से कहा गया कि लोन पास कराने के लिए पहले बैंक में खाता खुलवाना होगा और प्रोसेसिंग के नाम पर 5 हजार रुपये जमा करने होंगे. भरोसा जीतने के लिए महिलाओं को बाकायदा रसीद भी दी गई. इसी भरोसे में करीब सौ महिलाओं ने पैसे जमा कर दिए. अनुमान है कि करीब 5 लाख रुपये की ठगी की गई है.

लोने लेने पहुंचे तो शटर बंद

वहीं जब महिलाएं लोन लेने के लिए बैंक पहुंचीं, तो वहां शटर बंद मिला. काफी देर इंतजार के बाद लोगों को ठगी का एहसास हुआ. देखते ही देखते बड़ी संख्या में महिलाएं मौके पर जुट गईं और हंगामा शुरू कर दिया. गुस्साई महिलाओं ने बैंक का ताला तोड़ने की भी कोशिश की.

सूचना मिलने पर सिंहेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया. पुलिस ने पीड़ित महिलाओं को थाने में आवेदन देने को कहा है. बताया जा रहा है कि सहरसा, सुपौल और मधेपुरा जिले की कई महिलाएं इस गिरोह का शिकार हुई हैं.

थानाध्यक्ष विनोद कुमार सिंह का कहना है कि आवेदन मिलने के बाद मामला दर्ज कर जांच शुरू की जाएगी. फिलहाल सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर फर्जी बैंक खोलकर इतने बड़े ठगी कांड को अंजाम कैसे दे दिया गया.

यह भी पढ़ेंः बिहार में दिनदहाड़े 20 लाख की लूट... 10 राउंड फायरिंग, लोगों ने एक अपराधी को दबोचा

लेखक के बारे में
img
संदीप कुमार
Chief Sub Editor
पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Madhepura Fake Bank Case, Akancha Credit Capital Fraud, Bihar Loan Fraud, Loan Fraud With Women, Bihar News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com