दिल्ली में आने वाले समय में पानी की किल्लत नहीं होगी. दिल्ली के लिए पानी की किल्लत की समस्या का स्थायी समाधान करते हुए, केंद्र सरकार और 6 राज्यों के बीच हिमाचल और उत्तराखंड में तीन प्रमुख बांध परियोजनाओं को हरी झंडी मिल गई है. इनसे दिल्ली को कुल 863 MGD यानी मिलियन गैलन प्रतिदिन अतिरिक्त पानी मिलेगा, जो राजधानी की प्यास बुझाने के लिए अगले 25 वर्षों तक पर्याप्त होगा.
दिल्ली सरकार ने इसकी जानकारी खुद दी है. दिल्ली सरकार ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करके बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान ने इन महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर सहमति व्यक्त की है. इन परियोजनाओं के पूरा होने से दिल्ली को पीने के पानी की उपलब्धता में सुधार होगा, यमुना में वर्षभर बेहतर जल प्रवाह सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी और राजधानी की जल सुरक्षा को नई मजबूती मिलेगी.
दिल्लीवासियों के लिए राहत भरी खबर है। वर्षों से लंबित किशाऊ, लखवार और रेणुका बहुउद्देशीय बांध परियोजनाओं को आगे बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
— Delhi Government (@DelhiGovDigital) June 18, 2026
केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री श्री अमित शाह जी की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, दिल्ली, उत्तर प्रदेश,… pic.twitter.com/2qCaBPQs6b
तीन बड़े डैम प्रोजेक्ट को मिली हरी झंडी
किशाऊ बांध परियोजना- टोंस नदी पर स्थित इस प्रोजेक्ट से दिल्ली को लगभग 372 MGD पानी मिलेगा. इसकी कुल लागत लगभग 15,000 करोड़ रुपये है, जिसका 90% केंद्र सरकार द्वारा वहन किया जाएगा.
रेणुकाजी बांध परियोजना- हिमाचल प्रदेश में गिरी नदी पर बनने वाले इस बांध से दिल्ली को लगभग 275 MGD पानी की आपूर्ति होगी.
लखवार बांध परियोजना- उत्तराखंड में यमुना नदी पर स्थित इस परियोजना के पूरा होने पर दिल्ली को 216 MGD पानी की आपूर्ति प्राप्त होगी.
दिल्ली में 25 सालों तक नहीं होगी पानी की किल्लत
दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच गहराते जल संकट के समाधान के लिए केंद्र और राज्य सरकारों ने बड़ी पहल की है. हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में यमुना और उसकी सहायक नदियों पर बन रही किशाऊ, लखवार और रेणुकाजी नामक तीन महा-परियोजनाओं को हरी झंडी मिल गई है. इनसे अगले 25 सालों तक दिल्ली को पर्याप्त पानी मिलेगा.
यमुना नदी का कायाकल्प
इन परियोजनाओं के शुरू होने से यमुना में साल भर ताजा और स्वच्छ पानी का प्रवाह बना रहेगा, जिससे नदी का प्रदूषण स्तर कम करने में मदद मिलेगी. इसके साथ ही दिल्ली वालों को भरपूर पीने का पानी मिलेगा.
यह भी पढ़ें:- नहीं बंद होगी गृह लक्ष्मी और गृह ज्योति योजना, CM शिवकुमार ने बताया, जानिए क्या हैं ये योजनाएं
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं