रेल यात्रियों के लिए अच्छी खबर है. भारतीय रेलवे ने कर्नाटक के श्री सिद्धारूढ़ स्वामीजी हुब्बल्ली जंक्शन और उत्तराखंड के योग नगरी ऋषिकेश के बीच नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन चलाने का फैसला किया है. ट्रेन संख्या 17363/17364 के रूप में संचालित होने वाली यह सेवा दक्षिण भारत और उत्तर भारत के बीच यात्रा को पहले से ज्यादा आसान बनाएगी. उत्तरी रेलवे ने इसको लेकर अपने एक्स हैंडल पर जानकारी शेयर की है. इस नई ट्रेन के शुरू होने से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश समेत कई राज्य के रेल यात्रियों को फायदा होगा.
नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का समय
रेलवे द्वारा जारी समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन संख्या 17363 हर सोमवार को हुब्बल्ली जंक्शन से शाम 7:45 बजे रवाना होगी और विभिन्न प्रमुख स्टेशनों से होते हुए अगले दिन रात 11:30 बजे योग नगरी ऋषिकेश पहुंचेगी. वहीं, वापसी में ट्रेन संख्या 17364 हर गुरुवार को सुबह 6:15 बजे योग नगरी ऋषिकेश से चलेगी और हुब्बल्ली जंक्शन पहुंचेगी.
नई साप्ताहिक एक्सप्रेस ट्रेन का रूट
यह ट्रेन रास्ते में धारवाड़, लोंडा, बेलगावी, मिरज, पुणे, अहमदनगर, मनमाड, इटारसी, बीना, झांसी, ग्वालियर, आगरा कैंट, मथुरा, हजरत निजामुद्दीन, गाजियाबाद, मेरठ सिटी, मुजफ्फरनगर, देवबंद, रुड़की और हरिद्वार जैसे महत्वपूर्ण स्टेशनों पर रुकेगी. इससे कर्नाटक, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, दिल्ली और उत्तराखंड के यात्रियों को सीधा रेल संपर्क मिलेगा.
रेलयात्री कृपया ध्यान दें!
— Northern Railway (@RailwayNorthern) July 4, 2026
श्री सिद्धारूढ़ा स्वामीजी हुब्बल्लि जं. - योग नगरी ऋषिकेश - श्री सिद्धारूढ़ा स्वामीजी हुब्बल्लि जं. नई एक्सप्रेस रेल सेवा का शुभारम्भ समस्त रेलयात्रियों को सूचित किया जाता है कि रेलवे द्वारा श्री सिद्धारूढ़ा स्वामीजी हुब्बल्लि जं. - योग नगरी ऋषिकेश -… pic.twitter.com/RRJv6OWDzR
रेलवे के अनुसार, इस नई एक्सप्रेस ट्रेन में 2 टियर एसी, 3 टियर एसी, शयनयान (स्लीपर) और सामान्य श्रेणी के डिब्बे उपलब्ध होंगे. इससे तीर्थ यात्रियों, पर्यटकों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को यात्रा में काफी सुविधा मिलेगी. नई रेल सेवा का परिचालन 6 जुलाई 2026 से हुब्बल्ली और 9 जुलाई 2026 से योग नगरी ऋषिकेश से शुरू होगा. यह ट्रेन उत्तर और दक्षिण भारत के बीच यात्रा करने वाले लाखों यात्रियों के लिए एक महत्वपूर्ण और सुविधाजनक विकल्प साबित होगी.
यह भी पढ़ें:- ट्रेन में धूम्रपान, फेरी लगाना और भीख मांगना पड़ेगा भारी, रेलवे ने बढ़ाया जुर्माना, जानिए पूरी डिटेल
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं