Matrimonial Scam : ऑनलाइन मैट्रिमोनियल वेबसाइट और ऐप्स ने जीवनसाथी की तलाश पहले से कहीं आसान बना दी है. लेकिन इसी सुविधा का फायदा अब साइबर अपराधी भी उठा रहे हैं. दिल्ली पुलिस के CyberDost अभियान ने लोगों को ऐसे मैट्रिमोनियल स्कैम से सावधान रहने की सलाह दी है. पुलिस के मुताबिक, ठग फर्जी प्रोफाइल बनाकर पहले भरोसा जीतते हैं, फिर शादी का वादा करते हैं और आखिर में अलग-अलग बहाने बनाकर पैसों की मांग शुरू कर देते हैं.
कैसे होता है यह मैट्रिमोनियल स्कैम?
साइबर अपराधी सबसे पहले मैट्रिमोनियल वेबसाइट या ऐप पर फर्जी प्रोफाइल बनाते हैं. वे खुद को अमीर प्रोफेशनल, बड़े कारोबारी या विदेश में काम करने वाला व्यक्ति बताकर लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश करते हैं. बातचीत आगे बढ़ने पर वे जल्द ही शादी का प्रस्ताव रखते हैं और इमोशनल रिश्ता बनाने की कोशिश करते हैं. इसके बाद गिफ्ट भेजने, कस्टम चार्ज, ट्रैवल खर्च, इमरजेंसी या दूसरी मजबूरी का बहाना बनाकर पैसे मांगना शुरू कर देते हैं. पैसे मिलने के बाद अक्सर वे संपर्क तोड़ देते हैं और पीड़ित को अपनी ठगी का एहसास तब होता है, जब काफी देर हो चुकी होती है.
दिल्ली पुलिस की यह एडवाइजरी ऐसे ही जारी नहीं की गई है. पिछले कुछ समय में देश के अलग-अलग हिस्सों से शादी का झांसा देकर ठगी के कई बड़े मामले सामने आ चुके हैं. तेलंगाना में पुलिस ने ऐसे गिरोह का भंडाफोड़ किया, जिस पर शादी का वादा कर करीब 14.6 करोड़ रुपये की ठगी करने का आरोप है. वहीं, बेंगलुरु में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर से शादी का झांसा देकर 1.53 करोड़ रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया. उत्तराखंड के ऋषिकेश में भी एक युवक से शादी का भरोसा दिलाकर लाखों रुपये ऐंठने का मामला दर्ज किया गया. ये घटनाएं बताती हैं कि साइबर अपराधी अब लोगों की भावनाओं को निशाना बनाकर ठगी को अंजाम दे रहे हैं.
इन संकेतों को कभी नजरअंदाज न करें
CyberDost का कहना है कि अगर कोई व्यक्ति कुछ ही दिनों में शादी की बात करने लगे, बहुत जल्दी भरोसा जीतने की कोशिश करे या फिर गिफ्ट, कस्टम चार्ज, ट्रैवल खर्च अथवा इमरजेंसी के नाम पर पैसों की मांग करने लगे, तो सतर्क हो जाना चाहिए. अगर सामने वाला व्यक्ति वीडियो कॉल करने से बचता है, अपनी असली पहचान दिखाने से कतराता है या बार-बार किसी न किसी बहाने से पैसों की मांग करता है, तो इसे खतरे की घंटी समझें.
खुद को ऐसे रखें सुरक्षित
किसी भी मैट्रिमोनियल प्रोफाइल पर भरोसा करने से पहले उसकी पहचान अच्छी तरह सत्यापित करें. जिस व्यक्ति से आपकी सिर्फ ऑनलाइन बातचीत हुई हो, उसे कभी भी पैसे ट्रांसफर न करें. अगर कोई गिफ्ट, कस्टम चार्ज, ट्रैवल खर्च या इमरजेंसी फंड के नाम पर पैसे मांगता है, तो अतिरिक्त सतर्क रहें. इसके अलावा जल्द शादी, जल्द भरोसा और तुरंत पैसों की मांग को कभी भी हल्के में न लें.
Delhi Police has arrested two scammers who allegedly created fake profiles on matrimonial websites, gained victims' trust with promises of marriage, and later demanded money on various pretexts pic.twitter.com/xA4ge7rDVy
— CyberDost I4C (@Cyberdost) July 1, 2026
ठगी का शिकार हो जाएं तो क्या करें?
अगर आपको कोई संदिग्ध प्रोफाइल दिखाई दे या आप ऐसे किसी साइबर फ्रॉड का शिकार हो जाएं, तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराएं. समय रहते शिकायत करने से जांच एजेंसियों के लिए तेजी से कार्रवाई करना आसान हो सकता है. ऑनलाइन रिश्तों की शुरुआत भरोसे से होती है, लेकिन भरोसा करने से पहले पहचान की पुष्टि करना सबसे जरूरी है. थोड़ी-सी सावधानी न सिर्फ आपकी मेहनत की कमाई बचा सकती है, बल्कि आपको भावनात्मक ठगी का शिकार होने से भी बचा सकती है.
यह भी पढ़ें: Delhi Traffic Advisory: 3 अगस्त तक दिल्ली का ये रास्ता रहेगा बंद, डायवर्ट किया जाएगा ट्रैफिक, पढ़ लें एडवाइजरी
यह भी पढ़ें: Noida Airport: अब नोएडा से करिए श्रीनगर तक का हवाई सफर, शुरू हो गई विमान सेवा, जानिए टाइमिंग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं