PNG connection online booking : मिडिल-ईस्ट के हालात इन दिनों कुछ ठीक नहीं चल रहे हैं और इसका असर अब गैस सप्लाई पर भी देखने को मिल रहा है. इसी वजह से सरकार लोगों को पाइपलाइन गैस यानी PNG कनेक्शन लेने के लिए प्रोत्साहित कर रही है, ताकि घरों तक बिना किसी झंझट के गैस पहुंच सके. जिन इलाकों में PNG की सुविधा पहले से मौजूद है, वहां लोगों को एलपीजी सिलेंडर के बजाय इसे अपनाने की सलाह दी जा रही है. दूसरी तरफ कई जगहों पर LPG सिलेंडर समय पर नहीं मिल पा रहा है या सप्लाई कम हो रही है, जिससे लोगों को दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं. ऐसे में अब काफी लोग ऑनलाइन PNG कनेक्शन के लिए आवेदन कर रहे हैं, क्योंकि ये ज्यादा आसान, सुरक्षित और भरोसेमंद ऑप्शन माना जा रहा है.
ऑनलाइन अप्लाई के बाद जरूरी तैयारी
PNG कनेक्शन के लिए ऑनलाइन आवेदन करना आसान है, लेकिन इसके बाद कुछ टेक्निकल तैयारियां करना बेहद जरूरी होता है. अगर इन बातों का ध्यान नहीं रखा गया, तो बाद में दिक्कतें आ सकती हैं. चूल्हे से लेकर पाइपलाइन फिटिंग तक हर चीज सही तरीके से तैयार करनी होती है.

चूल्हे का हार्डवेयर करें अपग्रेड
LPG और PNG गैस के प्रेशर में अंतर होता है. LPG गैस हाई प्रेशर पर काम करती है, जबकि PNG का प्रेशर कम होता है. ऐसे में चूल्हे की नोजल (जेट) बदलवाना जरूरी होता है, ताकि गैस सही तरीके से जल सके. इसके लिए आप कंपनी के टेक्नीशियन की मदद ले सकते हैं.
लाडकी बहन योजना: ई‑केवाईसी न होने से 68 लाख खाते बंद, अब 30 अप्रैल तक करा लें ये काम
सुरक्षा के लिए गैस लीक डिटेक्टर लगाएं
PNG गैस हल्की होती है और लीक होने पर ऊपर की ओर उठती है. इसलिए सुरक्षा के लिए किचन में छत के पास गैस लीक डिटेक्टर लगवाना बेहतर होता है. यह डिवाइस गैस लीक होते ही अलार्म बजाता है और आपके फोन पर अलर्ट भेजता है. इससे समय रहते खतरे से बचा जा सकता है.
मोबाइल ऐप से करें मैनेजमेंट आसान
जिस कंपनी का PNG कनेक्शन ले रहे हैं, उसकी मोबाइल ऐप जरूर डाउनलोड करें. इस ऐप के जरिए आप बिल चेक करने, भुगतान करने, शिकायत दर्ज कराने और सर्विस बुक करने जैसे काम आसानी से कर सकते हैं.
पाइपलाइन और मीटर की सही जगह तय करें
कनेक्शन लेने से पहले यह तय कर लें कि घर में पाइपलाइन कहां से गुजरेगी और मीटर कहां लगाया जाएगा. कई लोग दीवारों पर पाइपलाइन नहीं चाहते, ऐसे में पहले से प्लानिंग करना जरूरी है. एक बार मीटर लगने के बाद उसकी जगह बदलने पर एक्स्ट्रा खर्च करना पड़ सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं