LPG Cylinder Tips: घरेलू इस्तेमाल के लिए मिलने वाले LPG सिलेंडर के रिफिल का समय अब 21 दिनों से बढ़ाकर 25 दिन कर दिया गया है. सूत्रों के मुताबिक यह फैसला इसलिए लिया गया है ताकि लोग सिलेंडर का जरूरत से ज्यादा स्टॉक न कर पाएं. ऐसा कदम इसलिए उठाया गया है क्योंकि ईरान में चल रहे युद्ध के कारण ऊर्जा संकट की आशंका बढ़ गई है. ऐसे में क्या आप जानते हैं, रसोई में कुछ छोटे‑छोटे बदलाव करके आप गैस की बचत कर सकते हैं, खाना जल्दी पका सकते हैं और पैसे भी बचा सकते हैं. इसी कड़ी में आज हम आपको 5 ऐसे हैक्स बताने जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप गैस सिलेंडर को 15-20 दिन ज्यादा चला सकते हैं...
यह भी पढ़ें: PM Kisan Yojana: इस तारीख को खाते में आएंगे PM किसान योजना की 22वीं किस्त के पैसे, सरकार ने किया ऐलान
1. आंच और बर्तन के बीच सही दूरी रखें
खाना पकाते समय ध्यान रखें कि बर्तन और गैस की आंच के बीच दूरी सही हो. अगर बर्तन आंच से बहुत ऊपर रखा होगा, तो खाना पकने में ज्यादा समय लगेगा और गैस भी ज्यादा खर्च होगी. सही दूरी पर बर्तन रखने से गर्मी सीधे बर्तन में पहुंचती है, जिससे खाना जल्दी पकता है और गैस की बचत भी होती है.
2. ढक्कन का सही इस्तेमाल करें
हमेशा खाना पकाते समय बर्तन पर ढक्कन लगाएं. इससे भाप और गर्मी अंदर बनी रहती है, जिससे खाना जल्दी पकता है और गैस की खपत काफी कम हो जाती है. दाल, चावल, सब्जी समेत अन्य चीजें ढक्कन का उपयोग करने से जल्दी पकती हैं और गैस भी ज्यादा नहीं लगती.

Photo Credit: ANI
3. प्रेशर कुकर का सही इस्तेमाल करें
गैस बचाने के लिए प्रेशर कुकर का इस्तेमाल करना सबसे बेहतर तरीका है. दाल, चावल, सब्जियां या सूप जैसी चीजें प्रेशर कुकर में बहुत जल्दी पक जाती हैं. ध्यान रखें कि पानी की मात्रा सही हो और कुकर का ढक्कन अच्छी तरह सील हो, ताकि भाप ठीक से बने और गैस कम खर्च हो.
4. सामग्री पहले से तैयार रखें
गैस जलाने से पहले सब्जियां काटकर, मसाले तैयार रखकर और बाकी चीजें तैयार करके रखना बहुत फायदेमंद होता है. इससे खाना पकाने का समय कम हो जाता है और गैस भी बेवजह नहीं जलती. पहले से तैयारी होने पर बर्नर कम समय तक ऑन रहता है, जिससे गैस की अच्छी बचत होती है और काम भी जल्दी होता है.
5. गैस लीक और फ्लेम की जांच करें
अगर गैस की आंच कमजोर हो या कहीं हल्की‑सी भी गैस लीक हो रही हो, तो सिलेंडर बहुत जल्दी खत्म हो सकता है. इसलिए समय‑समय पर सिलेंडर और नॉजल की जांच करते रहें. अगर आपको आंच कम लगे, तो तुरंत इसकी जांच करवाएं.
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. एनडीटीवी इसकी पुष्टि नहीं करता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं