Tips to Save Gas: मिडिल ईस्ट में ईरान, अमेरिका और इजराइल के बीच बढ़ते टकराव का असर अब तेल और गैस के बाजार पर दिखने लगा है. दुनिया भर में कच्चे तेल की कीमतों में हलचल है और भारत में भी हाल ही में घरेलू LPG सिलेंडर महंगा हो चुका है. जंग कब खत्म होगी, इस पर आम लोगों का बस नहीं है. लेकिन एक बात जरूर हमारे हाथ में है और वो है ऊर्जा और ईंधन का समझदारी से इस्तेमाल करना. अगर घरों में ही छोटी-छोटी सावधानियां अपनाई जाएं तो गैस की खपत कम की जा सकती है. इसी को लेकर इंडियन ऑयल ने रसोई से जुड़ा एक आसान लेकिन काम का सुझाव दिया है.
यह भी पढ़ें: घर में दो LPG कनेक्शन हैं तो हो जाएं सावधान, आप पर हो सकती है सख्त कार्रवाई, यहां जान लें जरूरी नियम
आंच तेज करने से खाना जल्दी नहीं पकता
इंडियन ऑयल द्वारा शेयर की गई X पोस्ट के मुताबिक खाना बनाते समय हर बार तेज आंच का इस्तेमाल जरूरी नहीं होता. अक्सर लोग सोचते हैं कि तेज आंच पर खाना जल्दी पक जाएगा, इसलिए गैस को लगातार तेज रखते हैं. लेकिन वैज्ञानिक तौर पर ऐसा हमेशा सही नहीं होता.
A high flame is not always necessary for efficient cooking. Once water or any dish reaches its boiling point, a low flame is enough to keep it boiling and cooking properly. Continuing with a high flame only increases evaporation and leads to unnecessary fuel consumption without… pic.twitter.com/gzyy3CJA3O
— Indian Oil Corp Ltd (@IndianOilcl) March 13, 2026
उबाल आने पर गैस की आंच कम करें
जब पानी, दाल या कोई भी डिश उबलने लगती है, तो उसके बाद गैस को तेज रखने से कोई खास फायदा नहीं होता. उस समय गैस की आंच को कम करके सिमर यानी धीमी आंच पर कर देना ज्यादा बेहतर तरीका है. दरअसल किसी भी तरल चीज के उबलने के बाद उसका तापमान लगभग स्थिर हो जाता है. ऐसे में अगर गैस तेज रखी जाए तो खाना ज्यादा जल्दी नहीं पकता. इसके बजाय पानी तेजी से भाप बनकर उड़ता है और गैस की खपत बढ़ जाती है.
थोड़ी सी समझदारी से गैस की बचत
इंडियन ऑयल के मुताबिक जैसे ही बर्तन में खाना उबलने लगे, गैस का नॉब थोड़ा कम कर देना चाहिए. धीमी आंच पर भी खाना आराम से पकता रहता है और LPG की बचत होती है. रसोई में ऐसी छोटी-छोटी आदतें अपनाने से लंबे समय में गैस की अच्छी-खासी बचत की जा सकती है. अगर हर घर में गैस का इस्तेमाल थोड़ा समझदारी से किया जाए, तो इससे ईंधन की बचत के साथ-साथ खर्च भी कम हो सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं