अगर आप कृषि या खेत की जमीन खरीदने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण जानकारी है. जमीन की खरीद-फरोख्त में छोटी सी चूक भी आपको भारी कानूनी दिक्कतों और वित्तीय नुकसान में डाल सकती है. जमीन के कागजात देखने से लेकर उसकी पैमाइश तक, ऐसी कई बातें हैं जिनका विशेष ध्यान रखना जरूरी है. इस बारे में हाई कोर्ट के वकील माधव विश्वकर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि खेती वाली जमीन की रजिस्ट्री कराते समय 5 बातों का ध्यान रखना चाहिए.
खसरा-खतौनी की जांच और पोर्टल पर मालिकाना हक देखें
जमीन खरीदने से पहले ऑनलाइन पोर्टल पर खसरा और खतौनी की जांच जरूर कर लें. यह जांच कर लें कि जो जमीन आप खरीद रहे हैं, वह आधिकारिक तौर पर पोर्टल पर विक्रेता के नाम दर्ज है या नहीं. कई बार लोग कागजों पर भरोसा कर लेते हैं, लेकिन रिकॉर्ड में जमीन किसी और के नाम पर होती है.
परिवार के सभी सदस्यों के हस्ताक्षर और सहमति
जमीन के कागजों पर अक्सर पैतृक संपत्ति होने के कारण भाई या अन्य रिश्तेदारों के नाम भी दर्ज होते हैं. यदि ऐसे मामलों में सभी सह-खातेदारों या कानूनी वारिसों के हस्ताक्षर नहीं होते हैं, तो रजिस्ट्री के बाद तहसील में जमीन का 'दाखिला खारिज' (म्यूटेशन) नहीं हो पाएगा और आप कानूनी पचड़े में फंस सकते हैं.
पुराना बैंक कर्ज और कानूनी विवाद की जांच
जमीन खरीदने से पहले यह अच्छी तरह पता लगा लें कि उस जमीन पर कोई पुराना बैंक कर्ज या कानूनी विवाद तो नहीं चल रहा है. कई बार किसान जमीन पर किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) लोन या ट्रैक्टर लोन उठा लेते हैं और लोन चुकाए बिना जमीन बेचने की कोशिश करते हैं. ऐसा होने पर कर्ज की जिम्मेदारी आप पर आ सकती है.
जमीन का खुद मुआयना करें
केवल कागजी नक्शे पर भरोसा करने के बजाय खुद जाकर जमीन का भौतिक मुआयना करें. बेहतर होगा कि संबंधित क्षेत्र के लेखपाल को बुलाकर जमीन की पैमाइश करवा लें, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि मौके पर जमीन का क्षेत्रफल कागजात के मुताबिक पूरा है या नहीं और उस पर किसी का अवैध कब्जा तो नहीं है.
जमीन का प्रकार और सर्किल रेट की जानकारी
यह जरूर जांच लें कि वह जमीन कहीं ग्राम समाज, तालाब, बंजर या चारागाह (सरकारी भूमि) की श्रेणी में तो नहीं आती है, क्योंकि ऐसी जमीनों की खरीद-फरोख्त अवैध होती है. इसके अलावा, इलाके का आधिकारिक सर्किल रेट पता कर लें और पेमेंट कभी भी कैश में न करें, बल्कि बैंकिंग माध्यमों का उपयोग करें ताकि आपके पास वैध भुगतान का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित रहे.
यह भी पढ़ें | किराए पर मकान देने के लिए अब नहीं कर सकेंगे गलत निर्माण, पास कराना होगा नक्शा, YEIDA लागू करेगी नई नीति
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं