अगर आप आज या आने वाले दिनों में जोधपुर एयरपोर्ट से सफर करने वाले हैं, तो आपके लिए जरूरी खबर है. आज यानी 12 जुलाई से Air India और IndiGo की सभी फ्लाइट जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल बिल्डिंग से चल रही हैं. ऐसे में यात्रियों को पुराने टर्मिनल की जगह सीधे नए टर्मिनल पहुंचना होगा. दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की है कि वे पहले से थोड़ा जल्दी एयरपोर्ट पहुंचें, ताकि चेक इन और बोर्डिंग में किसी तरह की परेशानी न हो.
4 जुलाई को हुआ था नए टर्मिनल का उद्घाटन
जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 4 जुलाई को किया था. करीब 480 करोड रुपये की लागत से बने इस नए टर्मिनल का क्षेत्रफल 23 हजार वर्ग मीटर से ज्यादा है. यह नया टर्मिनल हर साल करीब 20 लाख यात्रियों को संभालने की क्षमता रखता है. माना जा रहा है कि इससे जोधपुर आने और यहां से जाने वाले यात्रियों को पहले से बेहतर सुविधा मिलेगी.
Air India ने यात्रियों को क्या सलाह दी?
Air India ने कहा है कि 12 जुलाई से जोधपुर एयरपोर्ट से उसकी सभी फ्लाइट नए टर्मिनल से ही ऑपरेट होंगी. फिलहाल एयरलाइन जोधपुर से मुंबई के लिए हर सप्ताह 14 फ्लाइट और दिल्ली के लिए 12 फ्लाइट चलाती है.
#ImportantUpdate
— Air India (@airindia) July 11, 2026
From 12th July 2026, all Air India flights at Jodhpur Airport (JDH) will operate from the New Terminal Building.
If you're travelling from Jodhpur, we recommend arriving at the airport well in advance to allow ample time for your journey.
Read more:…
एयरलाइन ने यात्रियों से कहा है कि नए टर्मिनल पर पहली बार ऑपरेशन शुरू होने की वजह से वे समय से पहले एयरपोर्ट पहुंचें, ताकि सफर आराम से पूरा हो सके.
IndiGo ने भी जारी किया अपडेट
IndiGo ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी दी है कि आज से जोधपुर एयरपोर्ट की उसकी सभी फ्लाइट नए टर्मिनल से चलेंगी. एयरलाइन ने यात्रियों से कहा है कि वे सामान्य समय से थोड़ा पहले एयरपोर्ट पहुंचें, जिससे चेक इन और बोर्डिंग प्रोसेस आसानी से पूरी हो सके.
— IndiGo (@IndiGo6E) July 11, 2026
नए टर्मिनल में मिलेंगी कई एडवांस सर्विस
नए टर्मिनल में यात्रियों की सुविधा के लिए 20 चेक इन काउंटर बनाए गए हैं. इसके साथ ही एडवांस सिक्योरिटी जांच सिस्टम, नया बैगेज हैंडलिंग सिस्टम और 6 एरोब्रिज की सुविधा भी दी गई है. इन सुविधाओं की मदद से यात्रियों को पहले के मुकाबले ज्यादा आसान और आरामदायक सफर का अनुभव मिलेगा.
नए टर्मिनल में राजस्थान के शाही विरासत की झलक
जोधपुर एयरपोर्ट के नए टर्मिनल का डिजाइन राजस्थान की शाही विरासत को दिखाता है. इसकी डिजाइन में मारवाड़ की संस्कृति की झलक देखने को मिलती है. टर्मिनल में मेहराब, झरोखे और पारंपरिक डिजाइन को एडवांस सुविधाओं के साथ जोड़ा गया है. उम्मीद है कि इस नए टर्मिनल से जोधपुर में पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, व्यापार को फायदा होगा और नए रोजगार के मौके भी बढ़ेंगे.
ये भी पढ़ें- HDFC Bank के CEO से भी ज्यादा है इस दिग्गज की सैलरी, रिपोर्ट में खुलासा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं