कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) में निवेश भविष्य के लिए किया जाता है, जो रिटायरमेंट के समय एक बड़ी राशि के रूप में मिलती है. लेकिन बचत से जुड़ी इन संस्थाओं के पास करोड़ों की अनक्लेम राशि है, जिसके बारे में उनके हकदारों को नहीं पता है. बताया जा रहा है कि यह राशि करीब 16,450 करोड़ रुपये की है. इस राशि पर अब तक किसी ने दावा नहीं किया है.
संसद के मानसून सत्र में सरकार ने इस बारे में जानकारी देते हुए बताया कि 16450 करोड़ की राशि EPFO और LIC के खातों में पड़ा है जिसका कोई दावा नहीं किया गया है. यह EPFO की निष्क्रिय खाते और LIC की अनक्लेम पॉलिसी से जुड़ा है.
EPFO और LIC के पास कितना अनक्लेम राशि है पड़ा
सरकार ने बताया कि EPFO के निष्क्रिया खातों में मार्च 2026 तक 9330 करोड़ रुपये हैं. रिटायरमेंट के बाद तीन साल तक PF अकाउंट में कोई योगदान नहीं आता है तो उस खाते को निष्क्रिय माना जाता है. इन खातों पर ब्याज भी मिलना बंद हो जाता है.
वहीं सरकार ने LIC के अनक्लेम राशि के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि LIC के पास कुल 7318 करोड़ रुपये की राशि पड़ी हुई है जिस पर कोई क्लेम नहीं हुआ है. यह उन पॉलिसीधारकों या उनके नामांकित व्यक्तियों द्वारा समय पर दावा नहीं किए जाने के कारण रकम LIC के पास जमा है.
क्यों बढ़ रही संस्था के पास अनक्लेम राशि
इस बारे में विशेषज्ञ बताते हैं कि कई परिवार के सदस्यों को पॉलिसी और EPFO खाते के बारे में जानकारी नहीं होती है या फिर खातों में नॉमिनी का नाम अपडेट नहीं होता है. ऐसे में यह राशि अनक्लेम रहती है. वहीं नौकरी बदलने के बाद इसे EPF खाते अपडेट नहीं करने पर भी यह राशि बढ़ती जाती है. दूसरी ओर दस्तावेजों की कमी और उनसे संपर्क करने की जानकारी बदल जाने और जागरूकता की कमी इस अनक्लेम राशि के बढ़ने की बड़ी वजह है.
कैसे मिलेगा यह पैसा
बता दें, EPFO ने इन अनक्लेम राशि के निस्तारण के लिए एक पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया है. जिसमें 1000 रुपये या उससे कम बैलेंस वाले आधार-वेरिफाइड इनएक्टिव अकाउंट का पैसा सीधे आधार से जुड़े बैंक अकाउंट में भेजा जाएगा. अगर यह सफल रहा तो भविष्य में इस सुविधा को अधिक राशि वाले खातों तक बढ़ाया जा सकता है.
LIC में अपनी पॉलिसी की राशि चेक करने के लिए आप आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर चेक कर सकते हैं. इसमें अपना नाम, जन्म तारीख और PAN नंबर दर्ज कर लंबित राशि को चेक कर सकते हैं. अगर आपको आपकी पुरानी पॉलिसी के बारे में जानकारी मिलती है तो आप LIC के ऑफिस में जाकर संपर्क कर सकते हैं.
यह भी पढ़ेंः EPFO: Umang ऐप पर पहली बार आधार फेस ऑथेंटिकेशन के साथ कैसे एक्टिवेट करें UAN, यहां हैं सारे स्टेप्स
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं