IRCTC Beta Version New Website Launch: भारतीय ट्रेन से हर दिन करोड़ों यात्री सफर करते हैं. ऐसे में अगर रेलवे की वेवसाइट कुछ मिनटों के लिए भी हैंग या स्लो हो जाए, तो लाखों लोगों को समस्या का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में इन समस्याओं को दूर करने के लिए भारतीय रेलवे ने 24 साल बाद IRCTC की वेबसाइट को एक नए अवतार और अपडेट के साथ पेश किया है.
रेलवे ने 15 जुलाई की शाम IRCTC की नई वेबसाइट का बीटा वर्जन लाइव कर दिया है. इस नई वेबसाइट को आप सीधे www.irctc.co.in/eticket/ लिंक पर जाकर देख सकते हैं. साथ ही, मौजूदा पुरानी वेबसाइट के होमपेज पर भी नए पोर्टल का लिंक दिया है. तो चलिए जानते हैं कि इस नई वेबसाइट में क्या खास है.
लॉगिन से लेकर पेमेंट तक नया अनुभव
नई वेबसाइट में सिर्फ एक ही क्लिक में लॉगिन हो जाता है. साथ ही ट्रेन सर्च करने से लेकर पेमेंट पेज तक जाने में वेबसाइट बहुत ही तेज काम कर रही है. किस क्लास में कितनी सीटें मौजूद हैं, इसकी जानकारी एक ही जगह मिल रही है.

लेआउट में क्या-क्या बदला?
वेबसाइट के इंटरफेस की बात करें तो ये पुरानी वेबसाइट से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है. बहुत ही जल्दी पेज लोड हो रहा है और कोई भी ग्राफिक्स या फालतू का ऐड पेज पर नजर नहीं आ रहा. इसके अलावा फॉन्ट साइज पहले से बेहतर हुआ है. कलर कॉम्बिनेशन भी पहले से बढ़िया लग रहा है. कुल मिलाकर वेबसाइट का बीटा वर्जन पुरानी वेबसाइट से ज्यादा यूजर फ्रेंडली, फास्ट है.
दिखेंगे ये 4 बड़े बदलाव
रेलवे ने बीटा वर्जन में यात्रियों के टिकट बुकिंग अनुभव को शानदार बनाने के लिए 4 बड़े बदलाव किए हैं. जिसमें शामिल हैं,
- अब टिकट बुक करते समय बार-बार कैप्चा कोड, बिना किसी काम के पॉप-अप्स या वेबसाइट को स्लो कर देने वाले ग्राफिक्स नहीं दिख रहे. इससे वेबसाइट काफी क्लीन और डिस्टर्बेंस-फ्री लग रही है.
- अब यात्रियों को सभी क्लासेस, जैसे 1AC, 2AC, 3AC, स्लीपर की सीट अवेलेबिलिटी एक साथ दिखाई देगी, जिससे सही ट्रेन चुनने में टाइम बचेगा.
- टिकट बुक करने की पूरा प्रोसेस छोटा कर दिया है. अब आपको पेमेंट और फाइनल बुकिंग के लिए कम स्टेप्स से गुजरना होगा, जिससे तत्काल टिकट बुकिंग फटाफट कर पाएंगे.
- नई वेबसाइट पर यात्री चाहें तो अपनी डिटेल्स सेव कर सकते हैं, जिससे अगली बुकिंग करने पर कुछ क्लिक्स में ही पूरा प्रोसेस हो जाएगा.

24 साल में बदली वेबसाइट
IRCTC अभी की वेबसाइट साल 2002 में लॉन्च हुई थी. पिछले 24 सालों में इंटरनेट की दुनिया पूरी तरह बदल चुकी है. PIB की रिपोर्ट के अनुसार, IRCTC पर हर दिन लगभग 14.5 लाख ट्रेन टिकट बुक किए जाते हैं. करोड़ों लोगों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने पूरे सिस्टम को री-डिजाइन करा है. सबसे बड़ी बात ये है कि इस नई वेबसाइट को बनाने में MNIT, जयपुर के छात्रों की मदद ली है.
IRCTC has launched the beta version of its new website today.
— Ministry of Railways (@RailMinIndia) July 15, 2026
Read More: https://t.co/9TeYbrAs3k pic.twitter.com/ZeM3FPEWW7
क्या होता है बीटा वर्जन
अगर सोच रहे हैं कि इस नई वेबसाइट से फाइनल टिकट बुक हो जाएगी, तो आपको बता दें कि ये अभी एक बीटा वर्जन है. बीटा वर्जन का मतलब कि कोई भी बड़ा सॉफ्टवेयर या वेबसाइट पूरी तरह लॉन्च करने से पहले आम जनता को टेस्टिंग के लिए दी जाती है.
आप कैसे कर सकते हैं मदद?
रेलवे ने कहा है कि यात्री इस नई वेबसाइट को इस्तेमाल करें और अपने फीडबैक शेयर करें. यात्रियों से मिलने वाले फीडबैक के बेस पर इस वेबसाइट को और अच्छा किया जाएगा. रेलवे के अनुसार, अगले कुछ ही हफ्तों में इसका फुल्ली फंक्शनल फाइनल वर्जन भी लॉन्च कर दिया जाएगा. साथ ही, बैकएंड में नए पैसेंजर रिजर्वेशन इंजन को भी अपग्रेड किया जा रहा है, जिससे आने वाले समय में ये नई वेबसाइट कभी हैंग नहीं होगी.
ये भी पढ़ें- IRCTC की नई वेबसाइट कैसी दिखती है? एयर टिकट बुकिंग वाली फील, सिंगल टैप पर सारे ऑप्शन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं