Indian Railways Bedroll Rules: भारतीय रेलवे में रोजाना करोड़ों यात्री सफर करते हैं. यात्रियों के सफर को आरामदायक और सुगम बनाने के लिए रेलवे समय समय पर कई नियम और सुविधाएं तय करता है. इन्हीं सुविधाओं में से एक है एसी (AC) कोचों में मिलने वाला बेडरोल (Bedroll), जिसमें चादर, तकिया, कंबल और तौलिया शामिल होता है.
दरअसल, अक्सर सफर के दौरान कई यात्रियों को यह शिकायत रहती है कि कन्फर्म एसी टिकट होने के बाद भी उन्हें कोच अटेंडेंट की ओर से बेडरोल मुहैया नहीं कराया गया. अगर आप भी कभी ऐसी स्थिति का सामना करते हैं, तो आपको अपने अधिकारों और रेलवे के नियमों की जानकारी होना बेहद जरूरी है.
किन कोचों में मिलती है बेडरोल की सुविधा?
रेलवे के नियमों के मुताबिक, एसी की 1st AC, 2nd AC और 3rd AC सभी श्रेणियों के किराए में ही बेडरोल का शुल्क शामिल होता है. हालांकि, गरीब रथ जैसी ट्रेनों में बेडरोल का विकल्प वैकल्पिक होता है. इन ट्रेनों के टिकट बुक करते वक्त अगर आप इसका चयन करते हैं, तो आपको मामूली शुल्क देना होता है. वहीं, सामान्य स्लीपर क्लास में बेडरोल नहीं मिलता है. हालांकि, कुछ विशेष ट्रेनों में ऑनलाइन टिकट बुकिंग के दौरान अतिरिक्त भुगतान करके इसकी मांग की जा सकती है.
बेडरोल न मिलने पर तुरंत करें मांग
अगर आप एसी 1st, 2nd या 3rd कोच में सफर कर रहे हैं और आपको आपकी सीट पर बेडरोल नहीं मिला है, तो सबसे पहले आप अपने कोच के अटेंडेंट से सीधे बात करें और उन्हें अपना टिकट दिखाकर बेडरोल की मांग करें. अगर अटेंडेंट चादर कंबल देने से मना करता है या स्टॉक खत्म होने का बहाना बनाता है, तो तुरंत अपने टीटीई (TTE) से शिकायत करें. इसके अलावा, आप आप मोबाइल ऐप RailMadad या 139 पर कॉल करके तुरंत अपनी शिकायत दर्ज करा सकते हैं.
यह भी पढ़ें- रक्षाबंधन से पहले बदल जाएंगे स्पीड पोस्ट के नियम, राखी भेजने से पहले देखें नई रेट लिस्ट
रिफंड पाने की ये है स्टेप बाय स्टेप प्रक्रिया
अगर किसी तकनीकी या प्रबंधन संबंधी वजह से आपको पूरी यात्रा के दौरान बेडरोल उपलब्ध नहीं कराया जाता है, तो रेलवे नियमों के तहत आप रिफंड के हकदार होते हैं. रिफंड पाने के लिए आपको नीचे बताए गए प्रोसेस को फॉलो करना होगा. रिफंड पाने के लिए सबसे जरूरी शर्त यह है कि आप ट्रेन के टीटीई या कंडक्टर से Non Supply of Bedroll Certificate जरूर बनवा लें. इस रिफंड का क्लेम ट्रेन के गंतव्य स्टेशन पर पहुंचने के 20 घंटे के भीतर रजिस्टर्ड करा दें. इसके बाद रिफंड काउंटर पर अपना मूल यात्रा टिकट और टीटीई के जरिए जारी बेडरोल न मिलने का सर्टिफिकेट जमा कर रिफंड हासिल करें.
यह भी पढ़ें- राशन मिलने में आ रही है समस्या, अब घर बैठे WhatsApp से दर्ज कराए शिकायत; जानें तरीका
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं