विज्ञापन

नोएडा और मुंबई में दौड़ेंगी ड्राइवरलेस पॉड टैक्सियां, जानिए रूट-किराया, तकनीक और खास बातें

नोएडा और मुंबई में भारत की पहली ड्राइवरलेस पॉड टैक्सी सेवा शुरू होने जा रही है. यह पॉड टैक्सी छोटे, इलेक्ट्रिक और स्वचालित वाहन होंगे, जो मुख्य रूप से जेवर एयरपोर्ट-फिल्म सिटी नोएडा के बीच एलिवेटेड ट्रैक पर चलेंगे. वहीं, मुंबई में भी पूरी तरह स्वचालित पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट पर जमीन पर काम शुरू हो चुका है.

नोएडा और मुंबई में दौड़ेंगी ड्राइवरलेस पॉड टैक्सियां, जानिए रूट-किराया, तकनीक और खास बातें
Pod Taxis

नोएडा और मुंबई में जल्द ही पब्लिक ट्रांसपोर्ट का चेहरा बदलने वाला है. देश में पहली बार ड्राइवरलेस पॉड टैक्सी सेवा शुरू करने की तैयारी तेज हो गई है, जो सफर को पहले से ज्यादा स्मार्ट, सुरक्षित और आरामदायक बनाएगी. नोएडा में यह हाईटेक सिस्टम जेवर एयरपोर्ट से फिल्म सिटी तक करीब 14.6 किलोमीटर के एलिवेटेड ट्रैक पर चलेगा, जिसे 2028 तक शुरू करने का लक्ष्य है. वहीं, मुंबई में भी पूरी तरह स्वचालित पॉड टैक्सी प्रोजेक्ट पर जमीन पर काम शुरू हो चुका है, जिसे जल्द लॉन्च करने की योजना है.

मुंबई में ट्रैफिक की समस्या को कम करने के लिए जल्द ही ड्राइवरलेस पॉड टैक्सी सिस्टम शुरू होने जा रहा है. इस प्रोजेक्ट के पहले चरण का काम अगले 20 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है. इस योजना के तहत शहर में एक नया पर्सनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम बनेगा, जिससे लोगों को एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए अलग-अलग साधनों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा. इसकी शुरुआत 3.36 किलोमीटर लंबे रूट से होगी, जिसका भूमिपूजन भी किया जा चुका है.

मुंबई में पॉड टैक्सी का रूट

रूट की बात करें तो यह पॉड टैक्सी सेवा कुर्ला टर्मिनल से बांद्रा ईस्ट टर्मिनल तक चलेगी. रास्ते में एलबीएस मार्ग, एमएमआरडीए पे-एंड-पार्क (G ब्लॉक), बीडीबी गेट 11, कलानगर, पुरानी एमएमआरडीए बिल्डिंग और एक्साइज डिपार्टमेंट जैसे अहम स्थान आएंगे. आगे चलकर इसे 8.85 किलोमीटर के बड़े नेटवर्क में बदला जाएगा, जिसमें कुल 22 स्टेशन होंगे. इससे बीकेसी, कुर्ला और बांद्रा ईस्ट इलाके में लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी.

पॉड टैक्सी क्या है?

पॉड टैक्सी एक आधुनिक और स्मार्ट ट्रांसपोर्ट सिस्टम है, जिसमें छोटी-छोटी केबिन जैसी गाड़ियां (पॉड) बिना ड्राइवर के खुद चलती हैं. ये गाड़ियां एलिवेटेड ट्रैक पर चलती हैं, इसलिए सड़क के ट्रैफिक से कोई दिक्कत नहीं होती. ये पूरी तरह बैटरी से चलती हैं, इसलिए प्रदूषण भी कम होता है. इसमें सफर करना मेट्रो और टैक्सी दोनों जैसा अनुभव देता है यानी तेज, आरामदायक और सीधे गंतव्य तक. भारत में सबसे पहले यह सेवा नोएडा जेवर एयरपोर्ट से फिल्म सिटी और मुंबई के BKC इलाके में शुरू की जाएगी.

कैसे काम करेगी पॉड टैक्सी?

यह सिस्टम 6 लोगों की क्षमता वाली छोटी, इलेक्ट्रिक और पूरी तरह ड्राइवरलेस गाड़ियों पर आधारित होगा. ये पॉड बैटरी से चलेंगे और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से अपने आप ऑपरेट होंगे, जिससे सफर तेज, सुरक्षित और आरामदायक बनेगा.

यह भी पढ़ें:- दिल्ली-NCR के हाईवे-एक्सप्रेसवे पर अब VIDS सिस्टम देगा दुर्घटना की सूचना, नहीं पड़ेगी 1033 पर कॉल की जरूरत

दो एडवांस तकनीक का होगा उपयोग

यह दो एडवांस तकनीकों पर काम करती है. पहला, इसमें लगे सेंसर किसी भी रुकावट को भांप लेते हैं, जिससे दुर्घटना नहीं होती. दूसरा, कंप्यूटर एल्गोरिदम और एआई के जरिए यह तय करता है कि किस ट्रैक पर कितनी टैक्सियों की जरूरत है.

नोएडा में पॉड टैक्सी का रूट

नोएडा में भारत की पहली पॉड टैक्सी सेवा जेवर एयरपोर्ट से फिल्म सिटी के बीच दौड़ेगी. यह लगभग 14.6 किलोमीटर लंबा रूट होगा, जो यमुना एक्सप्रेसवे के औद्योगिक व व्यावसायिक क्षेत्रों को जोड़ेगा. इस रूट पर लगभग 12 स्टेशन बनेंगे, जिनमें हैंडीक्राफ्ट पार्क, सेक्टर 29, MSME पार्क, और टॉय पार्क शामिल हैं.

पॉड टैक्सी का किराया

नोएडा और मुंबई में प्रस्तावित पॉड टैक्सी का किराया काफी किफायती होने की उम्मीद है. नोएडा में यह लगभग 8 प्रति किलोमीटर हो सकती है, जबकि मुंबई में यह 21 प्रति किलोमीटर के आसपास निर्धारित की जा सकती है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com