Petrol Pump Fraud: आज के समय में पेट्रोल या डीजल भरवाते वक्त धोखाधड़ी की शिकायतें आम हो गई हैं. कई बार ग्राहक को पूरा तेल नहीं मिलता या फिर तेल की क्वालिटी खराब होती है. ऐसे में जरूरी है कि आप सतर्क रहें और अपने अधिकारों को समझें. अगर आपके साथ भी ऐसी कोई घटना होती है, तो घबराने की जरूरत नहीं है, आप तुरंत इसकी शिकायत कर सकते हैं. आइए जानते हैं कैसे-
पेट्रोल पंप पर कैसे होता है धोखा?
धोखाधड़ी कई तरीकों से हो सकती है. कुछ पंपों पर मशीन में गड़बड़ी करके कम तेल दिया जाता है, लेकिन मीटर पूरा दिखाता है. वहीं, कुछ मामलों में तेल में मिलावट भी की जाती है, जिससे गाड़ी के इंजन पर असर पड़ सकता है. अगर आपकी गाड़ी से ज्यादा धुआं निकलने लगे या इंजन की आवाज बदल जाए, तो यह संकेत हो सकता है कि तेल सही नहीं है.
तेल भरवाते समय इन बातों पर दें ध्यान- हमेशा देखें कि मीटर '0' से शुरू हो रहा है.
- पेट्रोल या डीजल भरवाने के बाद बिल जरूर लें.
- शक होने पर 5 लीटर माप या फिल्टर पेपर टेस्ट की मांग करें.
इन छोटी-छोटी सावधानियों से आप काफी हद तक नुकसान से बच सकते हैं.
अगर धोखाधड़ी हो जाए तो क्या करें?- अगर आपको लगता है कि आपके साथ धोखा हुआ है, तो सबसे पहले उसी पेट्रोल पंप पर शिकायत दर्ज करें. हर पंप पर शिकायत रजिस्टर होना जरूरी होता है. आप उसमें अपनी बात लिख सकते हैं.
- आप संबंधित तेल कंपनियों से भी संपर्क कर सकते हैं, जैसे Indian Oil Corporation, Bharat Petroleum और Hindustan Petroleum. इन कंपनियों के टोल-फ्री नंबर और वेबसाइट के जरिए भी शिकायत की जा सकती है.
- इसके अलावा आप नेशनल कंज्यूमर हेल्पलाइन नंब- 1915, मोबाइल ऐप जैसे- NCH या UMANG और ऑनलाइन पोर्टल जैसे- CPGRAMS और MoPNG e-Seva पर भी अपने साथ धोखे की शिकायत कर सकते हैं.
शिकायत दर्ज करते समय ये जानकारी जरूर दें-
- पेट्रोल पंप का नाम और पता
- घटना की तारीख और समय
- वाहन नंबर
- बिल और भरे गए तेल की मात्रा
इन सब से अलग आजकल सोशल मीडिया के जरिए भी शिकायत करना आसान हो गया है. कंपनी को टैग करके अपनी समस्या बताने पर अक्सर जल्दी कार्रवाई होती है. आप ये तरीका भी आजमाकर देख सकते हैं.
ध्यान रखें हर ग्राहक का अधिकार है कि उसे सही मात्रा में और शुद्ध ईंधन मिले. अगर कोई पेट्रोल पंप नियमों का पालन नहीं करता, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई हो सकती है. इसलिए सतर्क रहें, सही जानकारी रखें और जरूरत पड़ने पर तुरंत शिकायत करें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं