How to change father name to husband name in Aadhaar card: अगर आप विवाहित हैं और अपने आधार कार्ड में पिता के नाम की जगह पति का नाम दर्ज करवाना चाहती है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है. बता दें कि अब यह काम काफी आसान हो गया है. भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (UIDAI) ने संबंध विवरण यानी 'Care of (C/o)' जानकारी में बदलाव की सुविधा दे रखी है. इसकी मदद से आप ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरीकों से आधार कार्ड में ये बदलाव कर सकते हैं. आइए जानते हैं इसका आसान तरीका-
इन महिलाओं को नहीं देना होगा रोडवेज बसों का किराया, योगी सरकार ने बजट में की घोषणा
किन दस्तावेजों की होगी जरूरत?
पति का नाम जोड़ने के लिए आवेदक को संबंध का प्रमाण देना जरूरी होता है. इसके लिए आप नीचे दिए गए किसी भी दस्तावेज को लगा सकती हैं.
- सक्षम अधिकारी द्वारा जारी विवाह प्रमाण पत्र
- पासपोर्ट, जिसमें पति का नाम दर्ज हो
- राशन कार्ड, जिसमें पति का नाम हो
- संयुक्त बैंक पासबुक
- UIDAI द्वारा मान्य कोई अन्य रिलेशनशिप प्रूफ
इनमें से किसी एक दस्तावेज की कॉपी आवेदन के साथ जमा करनी होती है.
ऑनलाइन कैसे करें अपडेट?ऑनलाइन बदलाव के लिए-
- सबसे पहले UIDAI की सेल्फ सर्विस अपडेट पोर्टल वेबसाइट पर जाएं.
- यहां अपना आधार नंबर दर्ज करें और ओटीपी की मदद से लॉग इन करें.
- लॉग इन करने के बाद 'Update Aadhaar Online' ऑप्शन चुनें.
- फिर 'Relationship Details' में जाकर पति का नाम सही-सही भरें.
- इसके बाद जरूरी दस्तावेज की स्कैन कॉपी अपलोड करें.
- सभी जानकारी ध्यान से जांचने के बाद आवेदन सबमिट कर दें.
आवेदन जमा होने के बाद आपको एक सर्विस रिक्वेस्ट नंबर (SRN) मिलेगा. इस नंबर की मदद से आप अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देख सकती हैं. आमतौर पर 7 से 10 दिनों के भीतर अपडेट पूरा हो जाता है.
ऑफलाइन कैसे करें बदलाव?अगर आप ऑनलाइन प्रक्रिया नहीं करना चाहती हैं, तो इसके लिए आप नजदीकी आधार सेवा केंद्र या नामांकन केंद्र पर जाकर भी यह बदलाव करा सकती हैं.
- यहां आधार सुधार फॉर्म भरना होगा और संबंध विवरण में पति का नाम दर्ज करना होगा.
- इसके साथ जरूरी दस्तावेजों की फोटोकॉपी जमा करें.
- जरूरत पड़ने पर बायोमेट्रिक सत्यापन भी किया जा सकता है.
- प्रक्रिया पूरी होने के बाद आपको एक पावती रसीद दी जाएगी.
- इस रसीद में दिए गए नंबर से आप अपने आवेदन की स्थिति ट्रैक कर सकती हैं.
इस तरह विवाहित महिलाएं आसानी से अपने आधार कार्ड में पिता के नाम की जगह पति का नाम अपडेट कर सकती हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं