Hindon Airport Flights: उत्तर प्रदेश का बहुप्रतीक्षित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट अब पूरी तरह तैयार है. 28 मार्च को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस अत्याधुनिक एयरपोर्ट का उद्घाटन करेंगे. एयरपोर्ट के पहले चरण की शुरुआत के साथ ही देश के कई बड़े शहरों के लिए सीधी उड़ानें शुरू होने की उम्मीद है, जिससे न सिर्फ दिल्ली‑एनसीआर बल्कि उत्तर प्रदेश की कनेक्टिविटी भी काफी बेहतर होगी. यह भी माना जा रहा है कि इससे लोगों की दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर निर्भरता भी कम होगी. इसी बीच यह जानना भी जरूरी है कि गाजियाबाद में स्थित हिंडन एयरपोर्ट पहले से ही यात्रियों को हवाई सफर की सुविधा दे रहा है. यहां से भी आप देश के कई बड़े और प्रमुख शहरों के लिए फ्लाइट्स ले सकते हैं. इसी कड़ी में आज हम आपको बताने जा रहे हैं, कि हिंडन एयरपोर्ट से कौन सी एयरलाइन सेवाएं देती हैं और किन-किन शहरों के लिए आप यहां से फ्लाइट ले सकते हैं...
यह भी पढ़ें: Noida Airport: उद्घाटन के बाद नोएडा एयरपोर्ट से इन 10 जगहों के लिए उड़ सकती हैं फ्लाइट, देख लें लिस्ट
AAI द्वारा संचालित है हिंडन एयरपोर्ट
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी इंडिया की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार गाजियाबाद में स्थित हिंडन एयरपोर्ट एक सिविल एन्क्लेव है, जो हिंडन एयरफोर्स स्टेशन के परिसर में बनाया गया है. इस एयरपोर्ट का संचालन एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया (AAI) द्वारा किया जाता है. हिंडन एयरपोर्ट को खास तौर पर केंद्र सरकार की Regional Connectivity Scheme (RCS) के तहत घरेलू उड़ानों के संचालन के लिए डेवलेप किया गया है. इस एयरपोर्ट का IATA कोड HDO है.

Photo Credit: Freepik
हिंडन एयरपोर्ट से कौन सी एयरलाइन्स देती हैं सेवाएं?
हिंडन एयरपोर्ट पर मुख्य रूप से 4 एयरलाइन्स सेवाएं देती हैं.
- इंडिगो (Indigo)
- एयर इंडिया एक्सप्रेस (Air India Express)
- फ्लाई बिग एयरलाइंस (Flybig Airlines)
- स्टार एयरलाइन (Star Airline)
किस-किस शहर के लिए फ्लाइट ले सकते हैं आप?
एयरपोर्ट्स अथॉरिटी इंडिया की वेबसाइट पर मौजूद जानकारी के अनुसार हिंडन एयरपोर्ट से फिलहाल घरेलू उड़ानें ही संचालित की जाती हैं. इंडिगो एयरलाइंस हिंडन एयरपोर्ट से बेंगलुरु, कोलकाता, गोवा, मुंबई, चेन्नई, पटना, वाराणसी, इंदौर और अहमदाबाद के लिए उड़ानें चला रही है. वहीं, एयर इंडिया एक्सप्रेस के जरिए बेंगलुरु, कोलकाता, गोवा, मुंबई, चेन्नई, भुवनेश्वर, पटना, जयपुर और वाराणसी के लिए फ्लाइट ली जा सकती है. इसके अलावा फ्लाइबिग एयरलाइन हिंडन से लुधियाना और बठिंडा के लिए उड़ानें संचालित करती है. स्टार एयरलाइन के माध्यम से किशनगढ़, नांदेड़ और आदमपुर के लिए फ्लाइट ली जा सकती है.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं