गाजियाबाद के लोगों के लिए अच्छी खबर है. नोएडा के बाद अब जल्द ही गाजियाबाद में भी 100 नई इलेक्ट्रिक सिटी बसें चलाने की तैयारी शुरू हो गई है. इन बसों के आने से न सिर्फ शहर के अलग-अलग इलाकों के बीच सफर आसान होगा, बल्कि जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंचना भी पहले के मुकाबले काफी सुविधाजनक हो जाएगा. सबसे बड़ी बात यह है कि रोजाना यात्रा करने वाले लाखों लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा.
मिलेगा बेहतर कनेक्शन
गौरतलब है कि अभी गाजियाबाद के कई इलाकों में लोगों को एक जगह से दूसरी जगह जाने के लिए दो या तीन ऑटो बदलने पड़ते हैं. खासकर आरडीसी, कविनगर, बुलंदशहर रोड, इंदिरापुरम, वैशाली, कौशांबी, साहिबाबाद, राजेंद्र नगर और गोविंदपुरम जैसे क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को काफी परेशानी होती है. नई इलेक्ट्रिक बसों के शुरू होने के बाद इन इलाकों को बेहतर पब्लिक ट्रांसपोर्ट सुविधा मिलेगी.
रेलवे स्टेशन, बस अड्डा और मेट्रो से भी जुड़ेंगे रूटयूपी रोडवेज ने नए बस रूट तय करने के लिए सर्वे शुरू कर दिया है. विभाग के अधिकारियों के अनुसार, इन बसों के रूट इस तरह तय किए जाएंगे कि शहर के ज्यादातर हिस्सों को कवर करें. खासकर रेलवे स्टेशन, बस अड्डा, मेट्रो स्टेशन और नमो भारत स्टेशन को इन बसों से जोड़ा जाएगा. इससे यात्रियों को एक जगह से दूसरी जगह तक पहुंचने में आसानी होगी.
अधिकारियों ने बताया, फिलहाल गाजियाबाद की सड़कों पर करीब 32 सिटी बसें ही चल रही हैं. गाजियाबाद सिटी ट्रांसपोर्ट के पास कुल 50 बसें हैं, लेकिन इनमें से 19 बसें खराब हैं. वर्तमान में बस मंडोला, पुराना गाजियाबाद, मसूरी, दादरी और दिलशाद गार्डन जैसे प्रमुख रूटों पर चल रही हैं. नई बसों के आने के बाद परिवहन व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा.
दो से तीन महीने में मिल सकती है सौगातपरिवहन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 100 नई इलेक्ट्रिक बसों के गाजियाबाद पहुंचने में लगभग दो से तीन महीने का समय लग सकता है. बसों के संचालन के लिए जरूरी तैयारियां शुरू हो चुकी हैं. इसके अलावा अकबरपुर-बहरामपुर क्षेत्र में ई-चार्जिंग स्टेशन की व्यवस्था भी विकसित की जा रही है.
यात्रियों के लिए बड़ी राहत
ऐसे में नई इलेक्ट्रिक बसों के शुरू होने से शहर में यात्रा सस्ती, सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल बनेगी. साथ ही ट्रैफिक और निजी वाहनों पर निर्भरता भी कम होगी. आने वाले महीनों में गाजियाबाद के लोगों को एक बेहतर और आधुनिक पब्लिक ट्रांसपोर्ट व्यवस्था का लाभ मिलने की उम्मीद है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं