विज्ञापन

दिल्ली वालों के लिए जरूरी खबर, 3-4 दिन बंद रहेगा आश्रम चौक का यह हिस्सा, घर से निकलने से पहले जान लें नए रूट

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, आश्रम चौक के पास मरम्मत का काम हो रहा है, इसके चलते अगले 3 से 4 दिनों तक ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. आइए जानते हैं किन रास्तों पर सबसे ज्यादा असर रहेगा और इस दौरान किन रास्तों का इस्तेमाल कर आप ट्रैफिक में फंसने से बच सकते हैं.

दिल्ली वालों के लिए जरूरी खबर, 3-4 दिन बंद रहेगा आश्रम चौक का यह हिस्सा, घर से निकलने से पहले जान लें नए रूट
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, घर से निकलने से पहले जान लें
(P.C- NDTV)

अगर आप दिल्ली, नोएडा, फरीदाबाद या आसपास के इलाकों में रोजाना सफर करते हैं, तो यह खबर आपके बहुत काम की है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल एक्स पर ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. इस एडवाइजरी में ट्रैफिक पुलिस ने लोगों को आगाह किया है कि आश्रम चौक के पास मरम्मत का काम हो रहा है,  इसके चलते अगले 3 से 4 दिनों तक ट्रैफिक प्रभावित रहेगा. ऐसे में घर से निकलने से पहले अपने रूट की जानकारी जरूर लें, ताकि आप जाम में फंसने से बच सकें. 

क्यों बंद रहेगा रास्ता?

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, आश्रम चौक के पास दिल्ली जल बोर्ड की 1200 मिमी व्यास की क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत का काम किया जाना है. इसके लिए 15 जून 2026 की रात 10 बजे से रिंग रोड का महारानी बाग से आश्रम तक का हिस्सा पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. यह व्यवस्था करीब 3 से 4 दिनों तक लागू रहेगी.

किन रास्तों पर रहेगा सबसे ज्यादा असर?

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, कुछ रास्तों पर दिन और रात के समय ट्रैफिक दबाव बढ़ सकता है. इनमें- 

  • सराय काले खां से आश्रम चौक की ओर जाने वाला रिंग रोड.
  • डीएनडी फ्लाईवे से आश्रम चौक की तरफ आने वाला रास्ता और 
  • सी.वी. रमन मार्ग से रिंग रोड पर मिलने वाला ट्रैफिक शामिल है.
इन वैकल्पिक रास्तों का करें इस्तेमाल

फरीदाबाद की ओर जाने वाले वाहन चालक

अगर आप सराय काले खां, आईटीओ, डीएनडी, नोएडा या मयूर विहार से फरीदाबाद की तरफ जा रहे हैं, तो आश्रम फ्लाईओवर का इस्तेमाल करें. इसके बाद कैप्टन गौर मार्ग से होते हुए ओखला मंडी रोड, मोदी मिल फ्लाईओवर और फिर मथुरा रोड से आगे बढ़ें.

डीएनडी फ्लाईवे से आने वाले लोग

आश्रम की ओर जाने के लिए आप बारापुला एलिवेटेड कॉरिडोर या आश्रम फ्लाईओवर का इस्तेमाल कर सकते हैं.

सी.वी. रमन मार्ग से आने वाले वाहन

माता मंदिर मार्ग होते हुए मथुरा रोड का रास्ता अपनाएं.

सफर से पहले रखें इन बातों का ध्यान

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि आश्रम चौक और आसपास के इलाकों से बचने की कोशिश करें. जहां संभव हो, पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करें. यात्रा के लिए एक्सट्रा समय लेकर निकलें और रियल टाइम ट्रैफिक अपडेट के लिए नेविगेशन ऐप्स का सहारा लें. साथ ही, मौके पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों के निर्देशों का पालन करें.

यह भी पढ़ें- PM Kisan 23rd Installment Date: इस तारीख को खाते में आएंगे पीएम किसान योजना की 23वीं किस्त के पैसे, सरकार ने किया ऐलान

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi News, Utility News
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com