ITO Delhi Gate Closed: अगर आप 13 सितंबर यानी रविवार को दिल्ली की सड़कों पर निकलने का प्लान बना रहे हैं, तो अपनी यात्रा पहले से ही प्लान कर लें. दरअसल, राजधानी में एक तरफ ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में दुनिया भर के वीवीआईपी पहुंचे हैं, तो वहीं दूसरी तरफ कोटला स्थित अरुण जेटली स्टेडियम में भारत बनाम अफगानिस्तान क्रिकेट मैच और विभिन्न केंद्रों पर UPSC NDA & CDS की परीक्षाएं आयोजित हो रही हैं.
18वां ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS Summit), अरुण जेटली स्टेडियम में भारत बनाम अफगानिस्तान (IND vs AFG) T20 मैच और UPSC NDA/CDS परीक्षा जैसे सभी आयोजनों में किसी तरह की कोई रुकावट न आए, इसके लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था और यातायात को सुगम बनाए रखने के लिए विस्तृत ट्रैफिक डायवर्जन और गाइडलाइंस के साथ दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है.

सुबह 8 बजे से रात 8 बजे तक VVIP मूवमेंट
विदेशी मेहमानों और राष्ट्राध्यक्षों के काफिले के सुगम आवागमन को सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली पुलिस ने अधिसूचित नियंत्रित क्षेत्रों में कई पाबंदियां लागू कर दी है, जो सुबह 8:00 बजे से रात 8:00 बजे तक लागू रहेगी. इनमें सेंट्रल दिल्ली, भारत मंडपम् यानी प्रगति मैदान, लुटियंस दिल्ली और रिंग रोड से जुड़ने वाले प्रमुख कॉरिडोर हैं. इन रास्तों पर वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान समय-समय पर ट्रैफिक रोका या डायवर्ट किया जा सकता है.
UPSC NDA और CDS परीक्षार्थियों के लिए जरूरी गाइडलाइंस
UPSC की ओर से आयोजित NDA और CDS परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों और परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों के लिए विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों और परीक्षा ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को किसी तरह की कोई परेशानी न हो.
- अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए दिल्ली मेट्रो के सभी लाइनों पर ट्रेन सेवाएं सुबह 6:00 बजे से शुरू कर दी गई हैं.
- अगर आपका एग्जाम सेंटर लुटियंस या सेंट्रल दिल्ली में है, तो अपने पास eAdmitCard और मान्य फोटो आईडी हमेशा तैयार रखें. चेकिंग पॉइंट्स पर इसे दिखाने पर पुलिस व ट्रैफिक कर्मचारी तुरंत रास्ता देंगे.
- Invigilators अपने साथ ड्यूटी लेटर या ऑफिशियल आईडी रखें. अगर अलग से ड्यूटी लेटर न हो, तो स्कूल आईडी या वेन्यू सुपरवाइजर की ओर से जारी लेटर साथ रखें.
- ट्रैफिक जाम की संभावना को देखते हुए पर्याप्त समय लेकर घर से निकलें.
भारत vs अफगानिस्तान T20 मैच
अरुण जेटली स्टेडियम में दोपहर 2:00 बजे से शुरू होने वाले क्रिकेट मैच की वजह से आईटीओ और दिल्ली गेट के आसपास ट्रैफिक का भारी दबाव रहने की संभावना है, जिसे देखते हुए मैच देखने वालों के लिए दिल्ली पुलिस एडवाइजरी जारी की है. इसमें कहा गया है कि मैच देखने जाने वालों के लिए जाने वाले दर्शक निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो का उपयोग करें. साथ ही कहा गया है कि केवल निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही प्रयोग करें. कैब से यात्रा करने वाले यात्री तय किए गए पिकअप व ड्रॉप ऑफ पॉइंट्स का इस्तेमाल करें. अगर आप मैच देखने नहीं जा रहे हैं, तो बहादुर शाह जफर मार्ग, आईटीओ चौक और स्टेडियम के आसपास के रास्तों से गुजरने से बचें.
अब अगर टोल प्लाजा पर करेंगे ये गलती, तो ऑनलाइन कटेगा दोगुना चालान
ट्रैफिक पुलिस की अहम हिदायतें
- ट्रैफिक जाम और डायवर्जन से बचने के लिए दिल्ली मेट्रो सबसे सुरक्षित और बेहतर विकल्प है.
- यदि एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन यानी नई दिल्ली,पुरानी दिल्ली,आनंद विहार या परीक्षा केंद्र जाना है, तो कम से कम 1 से 2 घंटे का अतिरिक्त समय लेकर यात्रा शुरू करें.
- किसी भी सहायता या मार्ग की जानकारी के लिए दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क करें या आधिकारिक वेबसाइट trafficupdates.delhipolice.gov.in पर अपडेट्स देखें.
यह भी पढ़ें- अब दूसरों के लिए भी बुक कर सकेंगे सीजनल टिकट; जानिए रेलवे के वन ऐप की खूबियां
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं