विज्ञापन

 दिल्ली-गुरुग्राम में जलभराव से ये रास्ते हुए ठप; निकलने से पहले देखें अल्टरनेटिव रूट की लिस्ट

दिल्ली-NCR में मूसलाधार बारिश के चलते IMD ने रेड अलर्ट जारी किया है. हालत ये है कि गुरुग्राम में स्कूल और दफ्तरों को ऑनलाइन व WFH की सलाह दी गई है. अगर आप भी सड़क पर निकल रहे हैं, तो दिल्ली और गुरुग्राम के प्रभावित रास्तों और उनके सुरक्षित वैकल्पिक रूट की पूरी रिपोर्ट यहां पढ़ें.

 दिल्ली-गुरुग्राम में जलभराव से ये रास्ते हुए ठप; निकलने से पहले देखें अल्टरनेटिव रूट की लिस्ट
दिल्ली-NCR में बारिश का कहर, जलभारव से कई जगह रास्ते हुए बंद.
NDTV

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे NCR के इलाकों में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने आम जनजीवन को अस्त-व्यस्त कर दिया है. मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट और गुरुग्राम के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. भीषण बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव की स्थिति बन गई है, जिससे प्रमुख राजमार्गों और अंडरपासों पर भारी ट्रैफिक जाम लग गया है.

स्थिति की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए गुरुग्राम प्रशासन ने कई सुरक्षात्मक कदम उठाए हैं. प्रशासन ने 25 अगस्त 2026 को जिले के सभी कॉरपोरेट दफ्तरों को वर्क फ्रॉम होम (WFH) देने और स्कूलों में ऑनलाइन कक्षाएं आयोजित करने की सख्त एडवाइजरी जारी की है. ऐसे में अगर आप भी यहां यात्रा करने की योजना बना रहे हैं, तो सड़क पर निकलने से पहले बंद और प्रभावित मार्गों के साथ-साथ उनके वैकल्पिक रास्तों की यह सूची जरूर देख लें.

आजाद मार्केट रेलवे अंडरपास

भारी जलभराव की वजह से इस अंडरपास पर वाहनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोक दिया गया है. दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों को सावधानी बरतने और वैकल्पिक रास्ते के तौर पर शास्त्री नगर, रानी झांसी रोड या तीस हजारी कोर्ट वाले रूट को इस्तेमाल करने के लिए कहा है. 

गाजीपुर रोड और न्यू अशोक नगर

न्यू अशोक नगर मेट्रो स्टेशन के आसपास और गाजीपुर रोड पर घुटनों तक पानी जमा हो गया है, जिससे यातायात पूरी तरह ठप पड़ा हुआ है. ऐसे में आपको इस रास्ते के बजाय वैकल्पिक रास्ते के तौर पर मयूर विहार फेज-3 की अंदरूनी सड़कों, चिल्ला बॉर्डर या अक्षरधाम वाले रूट का इस्तेमाल करना चाहिए. 

भैरों मार्ग, तिलक ब्रिज और ITO

यमुना के ड्रेनेज बैकफ्लो और लगातार बारिश की वजह से भैरों मार्ग और तिलक ब्रिज के निचले हिस्सों में भारी जलजमाव हो गया है. परेशानी के बचने के लिए इस रास्ते के बजाय वैकल्पिक मार्ग के तौर पर रिंग रोड से सीधे प्रगति मैदान टनल का प्रयोग करें या फिर पुराना किला रोड की ओर से डायवर्ट हो जाएं.

जखीरा अंडरपास

उत्तर-पश्चिमी दिल्ली को जोड़ने वाले इस प्रमुख अंडरपास में पानी भरने से दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है, जिससे यातायात रोक दिया गया है. ऐसे में यहां से गुजरने के बजाए वैकल्पिक रास्ते के तौर पर यात्रा के लिए आनंद पर्वत, रोहतक रोड या दया बस्ती रेलवे ओवरब्रिज के रास्तों का रुख कर सकते हैं. 

गुरुग्राम के जलभराव वाले इलाके में ट्रैफिक डायवर्जन

भारी बारिश की वजह से गुरुग्राम में भी जगह-जगह जलभराव से हाल बेहाल है, जिसकी वजह से ट्रैफिक पुलिस ने 

 नरसिंहपुर (NH-48)

दिल्ली-जयपुर एक्सप्रेसवे पर नरसिंहपुर के पास हाईवे की सर्विस लेन और मुख्य मार्ग का एक हिस्सा पूरी तरह जलमग्न हो चुका है. यहां 4 से 5 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम देखा जा रहा है. ऐसे में आप हाईवे के नीचे सर्विस लेन में जाने से बचें और मुख्य फ्लाईओवर के ऊपर से ही गुजरें. इसके साथ ही वैकल्पिक मार्ग के तौर पर सोहना या शहर से बाहर जाने के लिए गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड (GCER) या साउदर्न पेरिफेरल रोड (SPR) का उपयोग करें.

साइबर हब और सरहौल बॉर्डर

एक्सप्रेस वे का यह क्षेत्र पानी में डूबा होने के कारण दिल्ली-गुरुग्राम बॉर्डर पर वाहनों की रफ्तार थम गई है. ऐसे में यहां जाने के बजाय वैकल्पिक रास्ते के तौर पर दिल्ली से आने-जाने वाले यात्री नेशनल हाईवे के बजाय एमजी रोड या महरौली-गुरुग्राम रोड वाले रास्ते से सफर कर सकते हैं.

 सुभाष चौक

 सोहना रोड स्थित सुभाष चौक और रेल विहार के आसपास भारी जलभराव है, जिससे गाड़ियां और स्कूल बसें घंटों फंसी रही ऐसे में वैकल्पिक मार्ग के तौर पर सोहना रोड के मुख्य मार्ग के बजाय सेक्टर 46 और सेक्टर 51 की अंदरूनी सड़कों का सहारा ले सकते हैं. 

शीतला माता रोड और ओल्ड सिटी

ओल्ड दिल्ली रोड, सदर बाजार, गुरुद्वारा रोड और शीतला माता रोड पर पानी भरने से पुराने गुरुग्राम का ट्रैफिक लगभग ब्लॉक हो चुका है. ऐसे में वैकल्पिक मार्ग के तौर पर वाहन चालक पालम विहार मार्ग या अतुल कटारिया चौक से अंदरूनी सेक्टर्स की सड़कों का रुख कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें- त्योहार पर घर जाने वाले यात्रीगण कृपया ध्यान दें! सितंबर और अक्टूबर में ये ट्रेनें रहेंगी कैंसिल, टिकट लेने से पहले देख लें लिस्ट

ऐसे में अगर बहुत ज्यादा जरूरी न हो, तो आज सड़कों पर निकलने से बचें. सड़क के रास्ते यात्रा करने से पहले दिल्ली ट्रैफिक पुलिस और गुरुग्राम पुलिस के आधिकारिक X हैंडल पर लाइव अपडेट्स जरूर चेक करें. जलभराव के दौरान निजी वाहनों के बजाय दिल्ली मेट्रो का उपयोग करना ज्यादा सुरक्षित और समय बचाने वाला विकल्प साबित हो सकता है. 

यह भी पढ़ें-  दिल्ली-NCR में CNG माल वाहकों पर भी लगेगा बैन! जानिए CAQM के नए नियमों से आप पर क्या असर पड़ेगा?

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Delhi Rain, Gurugram Rain, IMD Red Alert, Delhi Traffic, Work From Home
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com