- पूर्वी दिल्ली के विकास मार्ग पर निर्माण विभाग 240 मीटर लंबे चार भुजाओं वाले स्काईवॉक का निर्माण करेगा.
- स्काईवॉक सीधे निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन से जुड़ा होगा, जिससे यात्री सड़क पार किए बिना पहुंच सकेंगे.
- इस संरचना में लिफ्ट, एस्केलेटर और वेदरप्रूफ शेड जैसी सुविधाएं वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगों के लिए होंगी.
पूर्वी दिल्ली के सबसे व्यस्त और भीड़भाड़ वाले विकास मार्ग पर लोक निर्माण विभाग एक बड़ा इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट शुरू करने जा रहा है. इसके तहत निर्माण विहार मेट्रो जंक्शन पर 240 मीटर लंबा फोर आर्म्स पेडेस्ट्रियन स्काईवॉक बनाया जाएगा, जो सीधे मेट्रो स्टेशन से कनेक्ट होगा. लिफ्ट, एस्केलेटर और वेदरप्रूफ शेड से लैस इस स्काईवॉक के बनने से न सिर्फ पैदल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी, बल्कि सड़कों पर ट्रैफिक जाम से भी मुक्ति मिलेगी.
इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य सड़क पर पैदल यात्रियों और तेजी से गुजरते वाहनों के बीच होने वाले टकराव को खत्म करना और यात्रियों को आसान और सुरक्षित आवाजाही की सुविधा प्रदान करना है.
सीधे मेट्रो स्टेशन से कनेक्टिविटी
निर्माण विहार चौराहे के चारों ओर बनने वाले इस स्काईवॉक की संरचना और डिज़ाइन बेहद आधुनिक और सुविधाजनक होगी. इस स्काईवॉक की कुल लंबाई 240 मीटर होगी, जो पूरे चौराहे को कवर करेगी. यह स्काईवॉक चार भुजाओं यानी फोर आर्म्स वाला होगा, जो निर्माण विहार मेट्रो जंक्शन के चारों कोनों को आपस में जोड़ेगा. स्काईवॉक की एक भुजा सीधे निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन से कनेक्ट होगी. इससे मेट्रो यात्री बिना सड़क पर उतरे या भारी ट्रैफिक के बीच से गुज़रे सीधे स्टेशन के अंदर और बाहर आजा सकेंगे. यात्रियों को भीषण गर्मी, बारिश और कड़ाके की ठंड से बचाने के लिए पूरे स्काईवॉक को वेदर रेजिस्टेंट शेड और कैनोपी से पूरी तरह कवर किया जाएगा.
लिफ्ट और एस्केलेटर का भी होगा इंतज़ाम
वरिष्ठ नागरिकों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस प्रोजेक्ट को यूनिवर्सल डिज़ाइन के तहत तैयार किया गया है. इस स्काईवॉक के प्रमुख एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर सीढ़ियों के साथ-साथ लिफ्ट और एस्केलेटर भी लगाई जाएंगी. दृष्टिबाधित यात्रियों और व्हीलचेयर उपयोगकर्ताओं की आसान आवाजाही के लिए स्काईवॉक पर टैक्टाइल पेविंग और बाधामुक्त रास्ते बनाए जाएंगे.
ट्रैफिक फ्लो में सुधार और पैदल यात्रियों को मिलेगी सुरक्षा
विकास मार्ग पर निर्माण विहार मेट्रो स्टेशन, आसपास के प्रमुख बाजारों और व्यावसायिक परिसरों के कारण रोजाना भारी संख्या में लोग पैदल सड़क पार करते हैं, जिससे अक्सर दुर्घटनाएं और भीषण ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है. ऐसे में पैदल यात्रियों को सड़क के ऊपर स्काईवॉक पर शिफ्ट करने से वाहनों और पैदल चलने वालों का आमना सामना पूरी तरह खत्म हो जाएगा. पैदल यात्रियों के सड़क पार न करने से विकास मार्ग पर वाहनों की रफ्तार नहीं थमेगी और चौराहों पर लगने वाले बॉटलनेक से भी निजात मिलेगी. इस सुरक्षित और अलग पैदल रास्ते से सड़क हादसों में भारी कमी आएगी.
यह भी पढ़ें- रेलवे स्टेशन पर अब कुली और व्हीलचेयर की होगी ऑनलाइन बुकिंग, जानें पूरी प्रक्रिया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं