विज्ञापन

दिल्ली में गर्मी से राहत का नया इंतजाम, बांस से बनेंगे 'कूलिंग जोन', जानें कहां-कहां और क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी

दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में इको-फ्रेंडली 'बैंबू कूलिंग जोन' बनाए जाएंगे. आइए जानते हैं क्या हैं ये और आम लोगों को इनसे क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी.

दिल्ली में गर्मी से राहत का नया इंतजाम, बांस से बनेंगे 'कूलिंग जोन', जानें कहां-कहां और क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी
क्या हैं दिल्ली के बैंबू कूलिंग जोन?
(P.C- NDTV)

दिल्ली में पड़ रही भीषण गर्मी और लू से लोगों को राहत देने के लिए दिल्ली सरकार ने एक नई पहल शुरू की है. अब राजधानी के अलग-अलग इलाकों में खास तरह के 'बैंबू कूलिंग जोन' बनाए जाएंगे. इन जगहों पर लोग कुछ देर बैठकर आराम कर सकेंगे और तेज धूप, गर्म हवाओं से राहत पा सकेंगे. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने सोमवार को इस योजना की जानकारी देते हुए कहा कि यह सिर्फ गर्मी से बचाने की व्यवस्था नहीं है, बल्कि भविष्य में बढ़ती गर्मी और जलवायु परिवर्तन जैसी चुनौतियों से निपटने की दिशा में भी एक बड़ा कदम है. खास बात यह है कि ये कूलिंग जोन पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना प्राकृतिक तरीके से ठंडक देंगे.

क्या हैं बैंबू कूलिंग जोन?

जैसा कि नाम से साफ है, ये कूलिंग जोन मुख्य रूप से बांस से तैयार किए जाते हैं. बांस का इस्तेमाल करने से इनका पर्यावरण पर बहुत कम असर पड़ता है और यह टिकाऊ भी होते हैं. इनका मकसद उन लोगों को राहत देना है, जिन्हें तेज धूप में लंबे समय तक बाहर रहना पड़ता है. यहां लोग कुछ देर बैठकर आराम कर सकेंगे और गर्मी से राहत पा सकेंगे.

अभी कहां मिल रही है यह सुविधा?

फिलहाल दिल्ली में दो कूलिंग जोन काम कर रहे हैं. इनमें एक बवाना और दूसरा अलीपुर में स्थित है. दोनों जगहों पर स्थानीय लोगों को इनका फायदा मिल रहा है. इसके अलावा तीन और कूलिंग जोन बनाने का काम शुरू हो चुका है. इनमें से एक कूलिंग जोन डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के सामने बनाया जा रहा है.

कैसे मिलेगी गर्मी से राहत?

इन कूलिंग जोन को खास तकनीक के साथ तैयार किया गया है. इनमें खस (वेटिवर) घास की स्क्रीन लगाई गई हैं, जो नेचुरल तरीके से ठंडक देती हैं. साथ ही मिस्ट बेस्ड कूलिंग सिस्टम लगाया गया है. इसमें पानी की बहुत महीन फुहारें छोड़ी जाती हैं, जिससे आसपास का तापमान कम महसूस होता है. इसके अलावा हवा के आने-जाने की भी अच्छी व्यवस्था की गई है, ताकि अंदर बैठने वाले लोगों को घुटन महसूस न हो और उन्हें आराम मिल सके.

लोगों को क्या-क्या सुविधाएं मिलेंगी?

इन कूलिंग जोन में सिर्फ बैठने की जगह ही नहीं होगी, बल्कि कई जरूरी सुविधाएं भी मिलेंगी. यहां आने वाले लोगों के लिए ठंडे पीने के पानी की व्यवस्था, ओआरएस के पैकेट, अग्निशामक यंत्र (Fire Extinguisher)और लू से बचाव से जुड़ी जरूरी जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी.

किन लोगों को सबसे ज्यादा फायदा होगा?

यह पहल खासकर मजदूरों, रिक्शा और ई-रिक्शा चालकों, राहगीरों, बुजुर्गों, डिलीवरी कर्मियों और खुले में काम करने वाले लोगों के लिए बड़ी राहत साबित हो सकती है. तेज धूप के दौरान ये लोग यहां कुछ देर आराम कर सकेंगे और खुद को लू से बचा सकेंगे.

यह भी पढ़ें- दिल्ली में निकलने से पहले पढ़ लें ये खबर: 18 जून तक इन रास्तों पर रहेगा जाम, पुलिस ने बताए वैकल्पिक रूट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com