विज्ञापन

महिलाओं के लिए सुनहरा मौका: दिल्ली सरकार देगी 10 करोड़ तक का बिना गारंटी लोन, ऐसे मिलेगा फायदा

Delhi News: दिल्ली सरकार ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने घोषणा की है कि राजधानी में महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे स्टार्टअप और स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को अब 10 करोड़ रुपये तक का बिना गारंटी लोन दिया जाएगा.

महिलाओं के लिए सुनहरा मौका: दिल्ली सरकार देगी 10 करोड़ तक का बिना गारंटी लोन, ऐसे मिलेगा फायदा
दिल्ली में महिलाओं को बड़ा सहारा

Delhi News: दिल्ली में अपना बिजनेस शुरू करने का सपना देखने वाली महिलाओं के लिए अच्छी खबर है. दिल्ली सरकार ने महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए एक नई योजना का ऐलान किया है. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने घोषणा की है कि राजधानी में महिलाओं द्वारा चलाए जा रहे स्टार्टअप और स्वयं सहायता समूहों (एसएचजी) को अब 10 करोड़ रुपये तक का बिना गारंटी लोन दिया जाएगा और इस लोन की गारंटी खुद दिल्ली सरकार देगी.

सरकार का मानना है कि महिलाएं छोटे कारोबार और घरेलू उद्योगों के जरिए न सिर्फ अपने परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत कर रही हैं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था में भी अहम योगदान दे रही हैं. ऐसे में उन्हें आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक सहायता बेहद जरूरी है.

किन महिलाओं को मिलेगा फायदा?

इस योजना का लाभ उन महिलाओं को मिलेगा जो अपना स्टार्टअप शुरू करना चाहती हैं या पहले से छोटा कारोबार चला रही हैं. इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं भी इस सुविधा का फायदा उठा सकेंगी.

घर से काम करने वाली महिलाएं जैसे हस्तशिल्प, सिलाई, क्रोशिया वर्क, खादी, घरेलू सामान या फूड प्रोडक्ट बनाने वाली महिलाओं के लिए यह योजना काफी मददगार साबित हो सकती है.

बिना गारंटी लोन क्यों है खास?

आमतौर पर बड़ा लोन लेने के लिए बैंक गारंटी या संपत्ति की जरूरत पड़ती है. इसी वजह से कई महिलाएं बिजनेस शुरू नहीं कर पातीं. लेकिन दिल्ली सरकार की इस योजना में सरकार खुद गारंटर बनेगी. इससे महिलाओं को आसानी से लोन मिलने का रास्ता साफ होगा. सरकार का मानना है कि अगर महिलाओं को सही आर्थिक मदद मिले तो वे रोजगार देने वाली उद्यमी बन सकती हैं.

प्रोडक्ट बेचने के लिए मिलेगा बड़ा बाजार

सरकार केवल लोन ही नहीं देगी, बल्कि महिलाओं के बनाए प्रोडक्ट्स को बाजार तक पहुंचाने में भी मदद करेगी. इसके लिए दिल्ली के मॉल और बड़े शॉपिंग कॉम्प्लेक्स में विशेष स्टॉल और प्लेटफॉर्म दिए जाएंगे. इससे छोटे कारोबार करने वाली महिलाओं को अपने सामान की बेहतर बिक्री का मौका मिलेगा और उनकी कमाई भी बढ़ेगी.

'वोकल फॉर लोकल' को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री का कहना है यह कदम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) के 'वोकल फॉर लोकल' और 'आत्मनिर्भर भारत' अभियान को आगे बढ़ाने के लिए उठाया गया है. सरकार का कहना है कि भारत में बने हस्तशिल्प, खादी, घरेलू सामान और हस्तनिर्मित उत्पाद गुणवत्ता के मामले में किसी विदेशी ब्रांड से कम नहीं हैं. जरूरत केवल बेहतर मार्केटिंग और ब्रांडिंग की है ताकि ये उत्पाद बड़े बाजार तक पहुंच सकें.

ऐसे में दिल्ली सरकार की यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में अहम मानी जा रही है. बिना गारंटी इतना बड़ा लोन मिलने से कई महिलाएं अपना नया कारोबार शुरू कर सकेंगी और छोटे बिजनेस को भी विस्तार मिलेगा. इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें- Sukanya Samriddhi Yojana: क्या आप मैच्योरिटी से पहले पैसे निकाल सकते हैं? जानिए क्या कहते हैं नियम

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com