विज्ञापन

मॉस्को में यूक्रेन के ड्रोन हमले में एक भारतीय की मौत, 3 घायल, भारतीय दूतावास मदद के लिए पहुंचा

रूस स्थित भारतीय दूतावास ने मॉस्को में ड्रोन हमले में एक भारतीय मजदूर की मौत और तीन लोगों के घायल होने पर गहरा दुख जताया है. दूतावास के लोगों ने घायलों से मुलाकात भी की और हरसंभव मदद पहुंचाने का प्रयास कर रही है.

मॉस्को में यूक्रेन के ड्रोन हमले में एक भारतीय की मौत, 3 घायल, भारतीय दूतावास मदद के लिए पहुंचा
  • मॉस्को में यूक्रेनी ड्रोन हमले में एक भारतीय मजदूर की मौत हो गई और तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं
  • भारतीय दूतावास ने घायलों से मुलाकात की और उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास शुरू किए हैं
  • रूसी दूतावास ने भारतीय नागरिक की मृत्यु पर शोक व्यक्त करते हुए घायल हुए लोगों के प्रति संवेदना जताई है
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
नई दिल्‍ली:

रूस के मॉस्को में ड्रोन हमले में एक भारतीय मजदूर की मौत और तीन अन्य घायल हो गए. मॉस्‍को स्थित भारतीय दूतावास के लोग इस घटना के बाद घटनास्‍थल पर पहुंचे और घायलों से मुलाकात की. भारतीय दूतावास का कहना है कि वह घायल भारतीयों के संपर्क में हैं और जरूरी सहायता पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं. इस हमले में एक भारतीय समेत 4 लोगों की जान चली गई है.   

घायलों के संपर्क में भारतीय दूतावास 

मॉस्‍को में यूक्रेन के ड्रोन हमले के बाद भारतीय दूतावास ने एक्‍स पोस्‍ट में कहा, "मॉस्को में ड्रोन हमले के कारण एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए. दूतावास के कर्मचारी घटनास्थल पर पहुंचे और अस्पताल में घायलों से मुलाकात की. दूतावास मृतक के परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता है और पीड़ितों को आवश्यक सहायता प्रदान करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है, साथ ही कंपनी प्रबंधन और स्थानीय अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है."

रूसी दूतावास ने क्‍या कहा? 

इधर नई दिल्ली स्थित रूसी दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में भारतीय नागरिक की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया. इसमें कहा गया, "रूसी दूतावास भारतीय श्रमिक की मौत पर शोक व्यक्त करता है और मॉस्को क्षेत्र में नागरिक सुविधाओं पर यूक्रेनी हमले में घायल हुए लोगों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करता है." पोस्ट के मुताबिक, "प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, मॉस्को शहर में 12 से अधिक लोग घायल हुए हैं, जबकि मॉस्को क्षेत्र में तीन लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए."

रूस पर बढ़े यूक्रेन के हमले

रूसी मीडिया ने बताया कि शनिवार रात को मॉस्को में यूक्रेनी ड्रोन हमले में तीन लोग मारे गए और छह अन्य घायल हो गए. मृतकों की राष्ट्रीयता का खुलासा नहीं किया गया. यह घटना रूस और यूक्रेन के बीच बढ़ते तनाव के बीच हुई है. यूक्रेन ने रात भर मॉस्को क्षेत्र में कई ठिकानों को निशाना बनाकर हमले किए. रूस की तास समाचार एजेंसी के अनुसार, महापौर सर्गेई सोब्यानिन ने बताया कि रूसी वायु रक्षा ने पिछले 24 घंटों में मॉस्को की ओर आ रहे 120 से अधिक ड्रोनों को मार गिराया. एजेंसी के अनुसार, मायतिशची इलाके में निर्माणाधीन मकान पर ड्रोन का मलबा गिरने से दो लोगों की मौत हो गई.

तीन साल से अधिक समय से चल रहे इस संघर्ष के वार्ता के जरिए समाधान के लिए राजनयिक प्रयास जारी रहने के बावजूद, रूस और यूक्रेन ने हाल के महीनों में लंबी दूरी के ड्रोन और मिसाइल हमलों को तेज कर दिया है.

ये भी पढ़ें :- यूक्रेन युद्ध के बाद से रूस की जेलों में कैदियों की संख्या 1,80,000 कम हो गई: रिपोर्ट

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com