विज्ञापन

DDA ने कड़कड़डूमा हाउसिंग स्कीम के लिए बुकिंग समय बढ़ाया, जानिए कीमत, पात्रता और कैसे करें आवेदन

दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी ने अपने प्रीमियम हाउसिंग प्रोजेक्ट, "DDA टावरिंग हाइट्स एट ईस्ट दिल्ली हब, कड़कड़डूमा हाउसिंग स्कीम 2026" के लिए बुकिंग की समय-सीमा बढ़ा दी है. पहले आओ-पहले पाओ कैटेगरी के तहत फ्लैट के लिए आवेदन करने का ज्यादा समय मिलेगा.

DDA ने कड़कड़डूमा हाउसिंग स्कीम के लिए बुकिंग समय बढ़ाया, जानिए कीमत, पात्रता और कैसे करें आवेदन
DDA कड़कड़डूमा हाउसिंग स्कीम
DDA

दिल्ली डेवलपमेंट अथॉरिटी (DDA) ने अपने प्रीमियम हाउसिंग प्रोजेक्ट, "DDA टावरिंग हाइट्स एट ईस्ट दिल्ली हब, कड़कड़डूमा हाउसिंग स्कीम 2026" के लिए बुकिंग की समय-सीमा बढ़ा दी है. 3 जनवरी, 2026 को शुरू हुई इस योजना के तहत डीडीए (DDA) ने लोगों के लिए 2 बेडरूम (2-BHK) वाले कुल 741 फ्लैट रखे हैं. इसके अलावा 107 फ्लैट सरकारी संस्थानों को सामूहिक रूप से देने के लिए अलग रखे गए हैं.

इस योजना में क्या है खास?

यह योजना मुख्य रूप से फ्लैट की कीमतों की वजह से चर्चा में है. कई 2-BHK फ्लैट की कीमत करीब 1.85 करोड़ से 2.10 करोड़ रुपये तक है. कुछ बड़े फ्लैट इससे भी ज्यादा महंगे हैं. महंगे होने के बावजूद लोग इसमें रुचि दिखा रहे हैं, क्योंकि लोकेशन अच्छी है, आने-जाने की सुविधा यानी कनेक्टिविटी आसान है और यह DDA का भरोसेमंद प्रोजेक्ट है. यह प्रोजेक्ट पूर्वी दिल्ली के कड़कड़डूमा में बना है, जो शहर का अच्छी तरह जुड़ा हुआ इलाका है.

स्कीम की खास बातें

  • कुल फ्लैट यानी व्यक्तिगत खरीदारों के लिए- 741
  • फ्लैट का प्रकार- 2-BHK
  • फ्लैट मिलने का तरीका- पहले आओ, पहले पाओ (FCFS) के तहत
  • रजिस्ट्रेशन फीस- 2,500 (एक बार)
  • बुकिंग अमाउंट- 4 लाख रुपये
  • कब्जा मिलने की उम्मीद- जुलाई 2026
  • निर्माण की स्थिति- 90% से ज्यादा काम पूरा हो चुका है

पेमेंट का तरीका

DDA के अनुसार, आवेदकों को शुरू में फ्लैट की कीमत का 75% भुगतान करना होगा, जबकि बाकी 25% का भुगतान निर्माण पूरा होने और कब्जा मिलने के समय करना होगा. इसके साथ ही खरीदारों को ध्यान देना है कि मेंटेनेंस चार्ज, GST, कन्वर्जन चार्ज और पानी के कनेक्शन का चार्ज अलग से देना होगा और ये संभावित बिक्री मूल्य में शामिल नहीं हैं.

कौन आवेदन कर सकता है?

कोई भी योग्य व्यक्तिगत खरीदार DDA के 'आवास पोर्टल' के ज़रिए आवेदन कर सकता है. स्कीम की शर्तों के अधीन, रिटेल कैटेगरी के तहत कोई आवेदक कितने भी फ्लैट बुक कर सकता है, इस पर कोई रोक नहीं है.

बुकिंग की समय-सीमा बढ़ाई गई

यह स्कीम मूल रूप से 31 मार्च, 2026 को बंद होने वाली थी. DDA ने पहले बुकिंग की समय-सीमा 31 मई तक बढ़ाई थी और अब व्यक्तिगत खरीदारों और सरकारी एजेंसियों को अतिरिक्त अवसर देने की जरूरत को देखते हुए इसे 30 जून, 2026 तक बढ़ा दिया है. खरीदार नई समय-सीमा से पहले DDA के ऑनलाइन हाउसिंग पोर्टल के जरिए रजिस्ट्रेशन और बुकिंग पूरी कर सकते हैं.

यह भी पढ़ें:- 1 जून से शुरू हुई DDA फ्लैट के लिए बुकिंग, इन लोगों को मिलेगी 25% तक छूट, जानिए क्या लगेंगे डॉक्यूमेंट और बुकिंग प्रोसेस

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com